Sunday , 23 August 2026

मॉनसून का तांडव: यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, ओडिशा-छत्तीसगढ़ में रेड वार्निंग

नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 जुलाई को देश के बड़े हिस्से में मॉनसून के अत्यधिक सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र और अन्य मौसमी प्रणालियों के असर से कई राज्यों में मध्यम से भारी और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कई राज्यों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, वज्रपात और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर भारत के पर्वतीय व मैदानी राज्यों—जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में झमाझम बारिश के आसार हैं। इनमें उत्तराखंड, यूपी और पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में मॉनसून का असर सबसे ज्यादा दिखेगा। तटीय राज्यों में गुजरात, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में भी तेज बारिश का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में 30 जुलाई तक आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के लोगों को लंबे समय से जारी भीषण उमस से अब राहत मिलने वाली है। आईएमडी के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों तक मॉनसून की सक्रियता काफी तेज रहेगी, जिससे अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। मंगलवार और बुधवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ेंगी। मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में 30 जुलाई तक बिजली गिरने, वज्रपात और आंधी-तूफान को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी है।

दिल्ली-एनसीआर, बिहार और झारखंड में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों (पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य और उत्तरी दिल्ली) में बारिश के बाद यलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश के कारण लोगों को उमस से राहत मिली है, हालांकि कुछ स्थानों पर जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ है।

उधर, पूर्वी भारत के राज्यों—ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भी मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने, भूस्खलन होने और नदियां उफान पर आने का खतरा बढ़ गया है।

दक्षिण भारत में अलर्ट: मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

दक्षिण भारत के कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में उठने वाली ऊंची लहरों और तेज हवाओं को देखते हुए आईएमडी ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है।

Check Also

ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी में डूबा पनामा का मालवाहक जहाज MV ओशन विनर, 24 क्रू सदस्य थे सवार; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

बंगाल की खाड़ी में ओडिशा तट के पास एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया है, …