Friday , 1 May 2026

दिल्ली-एनसीआर में कुदरत का करिश्मा: आंधी-बारिश और ओलों ने तोड़ा गर्मी का गुरूर, पारा 17 डिग्री तक लुढ़का; जानें आज कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली: भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू से तड़प रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए गुरुवार की शाम किसी वरदान से कम नहीं रही। अचानक बदले मौसम के मिजाज ने दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद को अपनी आगोश में ले लिया। आंधी, तूफान और झमाझम बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने पारे को अर्श से फर्श पर ला खड़ा किया। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो कई इलाकों में तापमान में 14 से 17 डिग्री सेल्सियस तक की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे एनसीआर के लोगों को तपती धूप से बड़ी राहत मिली है।

गाजियाबाद और नोएडा में रिकॉर्ड गिरावट: हिंडन बना सबसे ठंडा इलाका

बारिश और ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर गाजियाबाद के हिंडन इलाके में देखने को मिला। यहां दोपहर तक जो पारा 36.9 डिग्री सेल्सियस पर था, वह कुछ ही घंटों में 17.1 डिग्री सेल्सियस गिरकर महज 19.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। नोएडा भी पीछे नहीं रहा, जहां तापमान में 16.4 डिग्री की कमी आई। वहीं, दिल्ली के मयूर विहार में 14.7 डिग्री और गुरुग्राम में 13.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट ने पिछले 10 दिनों से गर्मी का सितम झेल रहे लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी।

देशभर के मौसम का हाल: कहीं गर्मी तो कहीं राहत की बौछार

मौसम विभाग के अनुसार, जहां विदर्भ, तेलंगाना और राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान अभी भी 38-40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, वहीं उत्तर भारत और उत्तर-पूर्व के राज्यों में राहत मिली है। बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पारा सामान्य से 5 डिग्री तक नीचे चला गया है। ओलावृष्टि और बारिश की वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिम बंगाल और सिक्किम तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के नीचे रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मिजाज? जानें AQI का हाल

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी राहत की उम्मीद जताई है। आज दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अच्छी बात यह रही कि बारिश के बाद दिल्ली की हवा भी साफ हुई है; गुरुवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 148 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

सावधान! अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा मौसम का ‘यू-टर्न’

आईएमडी की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, यह राहत अभी खत्म नहीं हुई है। 3 से 6 मई के बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों (दिल्ली-एनसीआर सहित) में फिर से गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, उत्तर-पूर्वी भारत और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Check Also

क्या बिगड़ गई बात : ट्रंप की नाकाबंदी से भड़का ईरान, अमेरिका तैनात करेगा घातक ‘डार्क ईगल’ हाइपरसोनिक मिसाइल

  वॉशिंगटन/तेहरान: मध्य पूर्व (Middle East) में बारूद की गंध एक बार फिर तेज हो …