झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। रक्सा थाना क्षेत्र के डिमरपुरा गांव में एक पिता ने अपनी ममता का गला घोंटते हुए अपने ही 3 साल के मासूम बेटे की नृशंस हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया। एक ही घर में पिता-पुत्र की लाशें मिलने से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।
मामूली सी कहासुनी और खौफनाक अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, डिमरपुरा निवासी प्रेम केवट शराब पीने का आदी था। बीती रात वह किसी शादी समारोह से घर लौटा था। मृतक की पत्नी आशा ने बताया कि जब प्रेम नशे में धुत होकर घर आया, तो उसने शराब पीने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। बस यही मामूली सी बहस मौत का सबब बन जाएगी, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। पत्नी से अनबन के बाद प्रेम अपने 3 साल के बेटे भरत को लेकर सोने चला गया।

आधी रात को कमरे में मचाया कत्लेआम
खौफनाक मंजर का खुलासा तब हुआ जब प्रेम की बेटी कशिश ने पूरी घटना को बयां किया। कशिश के मुताबिक, रात करीब 2 बजे जब मां गहरी नींद में थी, तब पिता ने मासूम भरत को दूसरे कमरे में ले जाकर चाकू से उसका गला काट दिया। मासूम की जान लेने के बाद प्रेम ने उसी कमरे में पंखे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो सामने का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
शराब की लत ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार
घटना की सूचना मिलते ही रक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस इस खौफनाक कदम के पीछे प्रेम की शराब की लत और पारिवारिक कलह को मुख्य कारण मान रही है। गांव के लोगों का कहना है कि प्रेम अक्सर शराब पीकर घर में झगड़ा करता था, लेकिन वह अपने बेटे के साथ ऐसा करेगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। पुलिस अब मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि हत्या और आत्महत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
voice of india
