मैनिटोबा (कनाडा): क्या आप एडवेंचर के शौकीन हैं? क्या आप कुछ ऐसा देखना चाहते हैं जिसे देखकर रोंगटे खड़े हो जाएं? अगर हां, तो कनाडा का नार्सिस स्नेक डेंस (Narcisse Snake Dens) आपकी बकेट लिस्ट में जरूर होना चाहिए। कल्पना कीजिए एक ऐसी जगह की, जहां कदम रखते ही आपको घास से ज्यादा सांप नजर आएं। जी हां, कनाडा के मैनिटोबा में हर साल प्रकृति का एक ऐसा हैरतअंगेज करिश्मा दिखता है, जिसे देखने के लिए दुनिया भर के वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर्स और पर्यटक अपनी जान हथेली पर रखकर पहुंचते हैं।
1 लाख सांपों का एक साथ डेरा: दुनिया का सबसे बड़ा ‘स्नेक हाउस’
कनाडा के इस छोटे से इलाके में लाल-किनारे वाले गार्टर सांप (Red-sided Garter Snakes) का साम्राज्य है। वसंत का मौसम (अप्रैल के अंत से मई की शुरुआत) आते ही ये सांप अपनी सर्दियों की नींद (Hibernation) से जागते हैं और चूना पत्थर की गहरी गुफाओं से बाहर निकल आते हैं। यह नजारा इतना विशाल होता है कि एक छोटे से क्षेत्र में करीब 1 लाख से ज्यादा सांप एक साथ रेंगते हुए दिखाई देते हैं। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए यहाँ विशेष ऑब्जर्वेशन प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं, ताकि आप बिना किसी खतरे के सांपों के इस ‘कुंभ’ को देख सकें।
हाईवे के नीचे बनी ‘सांपों की खास सुरंग’, इंसानों ने पेश की मिसाल
एक वक्त था जब इन सांपों का अस्तित्व खतरे में था। गुफाओं से निकलकर पास के दलदल तक जाने के लिए इन्हें हाईवे-17 पार करना पड़ता था, जहाँ हजारों सांप खिलाड़ियों और पर्यटकों की गाड़ियों के नीचे आकर दम तोड़ देते थे। लेकिन वन्यजीव प्रेमियों और प्रशासन ने मिलकर एक शानदार रास्ता निकाला। उन्होंने सड़क के नीचे ‘स्नेक टनल’ (सांपों के लिए सुरंगें) बनवा दीं। अब ये सांप बिना किसी डर के सड़क के नीचे से सुरक्षित गुजरते हैं। यह पूरी दुनिया के लिए संरक्षण की एक अद्भुत मिसाल है।
खतरनाक लेकिन जहरीले नहीं: फोटोग्राफर्स के लिए ‘जन्नत’ है यह जगह
भले ही एक साथ हजारों सांपों को रेंगते देखना किसी डरावनी फिल्म के सीन जैसा लगे, लेकिन घबराने की बात नहीं है। ये गार्टर सांप जहरीले नहीं होते, जो इन्हें वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी के लिए परफेक्ट बनाते हैं। वसंत में बाहर निकलने के बाद, सितंबर के महीने में ये सांप वापस अपनी गुफाओं की ओर लौटने लगते हैं। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह अनुभव जितना डरावना है, उससे कहीं ज्यादा रोमांचक और जादुई है।
voice of india
