Sunday , 26 July 2026

दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता? शादी के ढाई साल के भीतर संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार, 5 अन्य की तलाश जारी

परिजनों का गंभीर आरोप: पहले हत्या की, फिर साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप दिया; पति समेत 6 ससुरालियों पर दहेज हत्या का केस दर्ज।

कानपुर (चौबेपुर)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के राजारामपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि नामजद अन्य पांच आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज के लिए किया जा रहा था प्रताड़ित

चौबेपुर थाना क्षेत्र के नुनहा नरसिंह गांव निवासी आलोक कृष्णा अग्निहोत्री ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन तनु अग्निहोत्री उर्फ अनुष्का की शादी 23 नवंबर 2023 को राजारामपुर निवासी मोहित तिवारी से हुई थी। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति मोहित तिवारी, सास सीता तिवारी, ससुर शिवशरण तिवारी, चचिया ससुर कल्लू तिवारी, चचिया सास शालिनी तिवारी तथा चचेरे देवर रोहित तिवारी अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर तनु को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। पीड़िता के साथ कई बार मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं, जिसकी जानकारी तनु ने अपने मायके वालों को दी थी। परिजनों ने कई बार ससुराल पक्ष से बातचीत कर समझाने-बुझाने का प्रयास भी किया था।

मृतका की फाइल फोटो

मोबाइल छीना, फिर फंदे से लटका मिला शव

आलोक का आरोप है कि बीते 24 जुलाई को ससुराल वालों ने तनु का मोबाइल फोन छीन लिया, जिससे उसका मायके से संपर्क टूट गया। बहन से बात न होने पर जब आलोक खुद राजारामपुर स्थित उसके ससुराल पहुंचा, तो वहां तनु का शव संदिग्ध हालत में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले तनु की निर्मम हत्या की और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने तथा साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया।

मुख्य आरोपी पति गिरफ्तार, जांच जारी: थानाध्यक्ष

मामले की जानकारी देते हुए चौबेपुर थानाध्यक्ष दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि मृतका के भाई की लिखित तहरीर के आधार पर पति समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी पति मोहित तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है और बाकी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Check Also

Ayodhya Ram Mandir Donation Theft Case: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT का पुनर्गठन, IPS किरण एस. के नेतृत्व में बनी नई टीम; 27 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में पेश होगी रिपोर्ट

अयोध्या। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा …