रांची/चतरा: झारखंड के चतरा जिले से एक हृदयविदारक दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली एक निजी एयर एंबुलेंस (बीचक्राफ्ट BE9L) सोमवार शाम चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़ के जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में विमान में सवार गंभीर रूप से झुलसे मरीज की मौत की खबर है, जबकि अन्य 6 लोगों की स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला और बचाव टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।

ATC से टूटा संपर्क और रडार से गायब हुआ विमान
जानकारी के अनुसार, रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड के इस विमान (रजिस्ट्रेशन VT-AJV) ने सोमवार शाम 7:11 बजे रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के महज 23 मिनट बाद, यानी शाम 7:34 बजे अटाली के पास विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया। आखिरी बार विमान का संपर्क कोलकाता एरिया कंट्रोल से हुआ था। वाराणसी एटीसी के मुताबिक, विमान ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया, जिसके बाद रात 8:05 बजे रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (RCC) को अलर्ट कर दिया गया।

63 फीसदी झुलसे मरीज को एयरलिफ्ट कर ले जाया जा रहा था दिल्ली
इस एयर एंबुलेंस में लातेहार के चंदवा निवासी संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि 16 फरवरी को पेट्रोलियम पदार्थ से लगी आग में संजय 63 प्रतिशत तक झुलस गए थे। रांची के देवकमल अस्पताल में इलाज के दौरान सांस लेने में तकलीफ होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया था। विमान में मरीज संजय के साथ उनके दो परिजन अर्चना देवी और धुरु कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता, मेल नर्स सचिन कुमार मिश्रा और दो पायलट (कैप्टन विवेक विकास भगत व कैप्टन सवराजदीप सिंह) सवार थे।
घने जंगल में हुआ हादसा, राहत कार्य जारी
विमान चतरा के सिमरिया स्थित करमाटांड़ और कसारिया पंचायत के पहाड़ी व जंगली इलाके में गिरा है। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर चतरा जिला पुलिस और प्रशासन की टीमें रात में ही मौके पर पहुंचीं। अंधेरा और दुर्गम रास्ता होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम को जांच के लिए मौके पर भेजा जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने जताया दुख, जांच के आदेश
इस दर्दनाक हादसे पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती कयास तकनीकी खराबी या खराब मौसम की ओर इशारा कर रहे हैं।

voice of india
