Tuesday , 22 September 2026

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 14 जिलों के डीएम बदले, 34 IAS अधिकारियों के तबादले; देखें पूरी लिस्ट

लखनऊ ब्यूरो। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रशासनिक मशीनरी में लगातार दूसरे दिन बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 34 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। सरकार ने मुरादाबाद, कानपुर नगर, हरदोई, पीलीभीत और बलिया समेत कुल 14 जिलों में नए जिलाधिकारियों (डीएम) की कमान सौंपी है। शासन स्तर पर किए गए इस व्यापक बदलाव में फील्ड में तैनात कई कप्तानों के जिले बदले गए हैं, जबकि हाल ही में पीसीएस से आईएएस कॉडर में पदोन्नत हुए अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से नवाजा गया है।

14 जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती

शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हरदोई के डीएम अनुनय झा को अब मुरादाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विशेष सचिव राज्य कर राहुल पांडेय को हरदोई का नया डीएम बनाया गया है। आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष व संभागीय खाद्य नियंत्रक एम अरुन्मोली को डीएम एटा तथा अमेठी के डीएम संजय चौहान को कुशीनगर भेजा गया है। कुशीनगर के डीएम महेंद्र तंवर को अब कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है।

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अनुज मलिक को डीएम संतकबीरनगर, जबकि संतकबीरनगर के डीएम आलोक कुमार को स्थानांतरित कर डीएम पीलीभीत की कमान दी गई है। पीलीभीत के डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को डीएम बलिया पदस्थ किया गया है। इन्वेस्ट यूपी व यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) शशांक चौधरी को डीएम अमेठी बनाया गया है। मुरादाबाद के नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल को डीएम बागपत नियुक्त किया गया है।

विशेष सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति तथा संयुक्त प्रबंध निदेशक जल निगम ग्रामीण प्रभास कुमार को डीएम महोबा की जिम्मेदारी मिली है। विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग, निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण व प्रबंध निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम उमेश प्रताप सिंह को डीएम बिजनौर बनाया गया है। विशेष सचिव नगर विकास सत्य प्रकाश पटेल को डीएम हाथरस तथा विशेष सचिव सिंचाई, जल संसाधन एवं परती भूमि विकास व विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार अशोक कुमार को डीएम हमीरपुर तैनात किया गया है।

नगर निगम, सीडीओ और विकास प्राधिकरणों में फेरबदल

उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक हिमांशु कौशिक को मुरादाबाद का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। देवरिया के मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) मिर्जापुर और एडीएम (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह को सीडीओ मैनपुरी के पद पर भेजा गया है। मिर्जापुर के सीडीओ विशाल कुमार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक तथा महाप्रबंधक यूपीडेस्को विजय कुमार को आगरा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और संभागीय खाद्य नियंत्रक आगरा बनाया गया है।

शासन स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में फेरबदल

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया को एसीईओ यूपीडा के पद पर तैनाती दी गई है। डीएम महोबा गजल भारद्वाज को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी इन्वेस्ट यूपी बनाया गया है। एडीएम (प्रशासन) रामपुर नितिन मदान को यीडा का एसीईओ नियुक्त किया गया है। डीएम बिजनौर जसजीत कौर को प्रबंध निदेशक यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन, डीएम कानपुर नगर जितेंद्र प्रताप सिंह को निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद और मैनपुरी की सीडीओ नेहा बंधु को अपर आयुक्त विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन बनाया गया है।

अपर आयुक्त मनरेगा अमनदीप डुली को नियंत्रक विधिक बाट माप नियुक्त किया गया है। डीएम बागपत अस्मिता लाल को विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण, निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं प्रबंध निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम की जिम्मेदारी दी गई है। डीएम हमीरपुर अभिषेक गोयल को विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक, जबकि डीएम बलिया मंगला प्रसाद सिंह को प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड बनाया गया है। विशेष सचिव उच्च शिक्षा निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव राज्य कर, डीएम एटा अरविंद सिंह को विशेष सचिव खाद्य एवं रसद, डीएम मुरादाबाद राजेंद्र पेंसिया को विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार तथा डीएम हाथरस अतुल वत्स को विशेष सचिव राजस्व के पद पर नई तैनाती मिली है। वहीं विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन चंद्रशेखर को विशेष सचिव परती भूमि विकास का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

तबादलों की सूची सोमवार देर रात जारी की गई। देखें पूरी सूची

Check Also

Ghaziabad Traffic Rules: गाजियाबाद में 1 अक्टूबर से बिना PUC के नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, पंपों पर स्कैन होगा नंबर; चालान भी कटेगा

गाजियाबाद । दिल्ली से सटे गाजियाबाद में वाहन चलाने वालों के लिए बेहद महत्वपूर्ण और …