Monday , 14 September 2026

महाराष्ट्र: TCS कन्वर्जन केस की आरोपी निदा खान को पनाह देना पड़ा भारी, AIMIM पार्षद मतीन पटेल के घर पर चलेगा बुलडोजर!

छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के बहुचर्चित नासिक TCS कन्वर्जन केस में अब राजनीति और प्रशासन की हलचल तेज हो गई है। मामले की मुख्य आरोपी निदा खान को कथित तौर पर शरण देने के आरोप में घिरे AIMIM पार्षद मतीन पटेल अब दोहरी मुसीबत में हैं। छत्रपति संभाजीनगर नगर निगम ने पार्षद के अवैध निर्माणों को लेकर ‘बुलडोजर एक्शन’ की तैयारी कर ली है। मतीन पटेल को जारी किए गए नोटिस की मियाद आज खत्म हो रही है, जिससे उनके घर और दफ्तर पर कार्रवाई का खतरा मंडराने लगा है।

पनाह देने का आरोप और रडार पर आईं संपत्तियां

जांच एजेंसियों का दावा है कि गिरफ्तारी से पहले निदा खान और उसका परिवार पार्षद मतीन पटेल के कौसर बाग स्थित बंगले में छिपे हुए थे। जैसे ही यह जानकारी सामने आई, नगर निगम प्रशासन ने पार्षद की संपत्तियों का कच्चा चिट्ठा खंगालना शुरू कर दिया। निगम के मुताबिक, मतीन पटेल का आवास और कार्यालय दोनों ही नियमों को ताक पर रखकर बनाए गए हैं। जिस इमारत से पार्षद का दफ्तर संचालित होता है, उसे तो शुरुआती जांच में पूरी तरह से अवैध पाया गया है।

72 घंटे का अल्टीमेटम खत्म: कभी भी गिर सकती है गाज

नगर निगम ने मतीन पटेल को निर्माण से जुड़े वैध दस्तावेज दिखाने के लिए 72 घंटे का समय दिया था। यह समय सीमा आज समाप्त हो रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अगर संतोषजनक जवाब या कागजात नहीं मिले, तो एक अंतिम नोटिस जारी कर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन की इस सक्रियता ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

कानूनी लड़ाई: अदालत की शरण में पार्षद

बुलडोजर की कार्रवाई से बचने के लिए मतीन पटेल ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। बताया जा रहा है कि इस मामले में आज अहम सुनवाई हो सकती है। हालांकि, प्रशासन का रुख साफ है कि यदि कानूनी दस्तावेज पेश नहीं किए गए, तो महाराष्ट्र म्युनिसिपल कॉरपोरेशन एक्ट के तहत कार्रवाई होकर रहेगी। चर्चा यह भी है कि अवैध निर्माण की पुष्टि होने पर मतीन पटेल की पार्षद सदस्यता भी रद्द की जा सकती है।

क्या है नासिक TCS कन्वर्जन मामला?

यह पूरा विवाद नासिक के TCS ऑफिस से शुरू हुआ था, जहां महिला सहकर्मियों पर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे थे। निदा खान को इस पूरे रैकेट की मुख्य कड़ी बताया जा रहा है। पुलिस का आरोप है कि निदा को गिरफ्तारी से बचाने के लिए मतीन पटेल ने अपने ठिकानों पर शरण दी थी। अब नासिक पुलिस की टीम भी मतीन पटेल से पूछताछ की तैयारी कर रही है, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Check Also

UP Election 2027: 100 से ज्यादा विधायकों पर तलवार, धर्म की पिच पर जाति की गुगली, क्या बिगड़ेगा समीकरण? BJP की इंटरनल रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

लखनऊ ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजने में अब महज छह महीने …