Friday , 31 July 2026

महाराष्ट्र: भिवंडी में ताश के पत्तों की तरह ढही 4 मंजिला खतरनाक इमारत, मलबे में दबने से 6 मजदूरों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

भिवंडी (महाराष्ट्र)।  महाराष्ट्र के ठाणे जिले से सटे भिवंडी के नारपोली इलाके में बड़ा हादसा हो गया है। भंडारी कंपाउंड में स्थित ‘कोहिनूर’ नाम की एक चार मंजिला इमारत का एक बड़ा हिस्सा अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में 6 मजदूरों की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के वक्त मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, भिवंडी-निज़ामपुर शहर नगर निगम (BNMC) की टीम और एनडीआरएफ (NDRF) का दस्ता मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

नगर निगम ने पहले ही घोषित की थी सी-कैटेगरी की जर्जर बिल्डिंग

भिवंडी पश्चिम के स्थानीय विधायक महेश चौगुले ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि नारपोली स्थित यह कोहिनूर इमारत काफी पुरानी थी। नगर निगम प्रशासन ने इसे पहले ही ‘सी-कैटेगरी’ (अति-जर्जर और खतरनाक इमारत) घोषित करके पूरी तरह खाली करा लिया था। खाली कराए जाने के बावजूद इमारत के निचले हिस्से में कुछ निर्माण या तोड़ने का काम चल रहा था, जहां मजदूर काम कर रहे थे।

पिलर तोड़े जाने से बिगड़ा संतुलन, मलबे में फंसी बच्ची को सुरक्षित निकाला गया

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि इमारत के निचले हिस्से में एक साथ तीन पिलरों को तोड़े जाने या उनसे छेड़छाड़ के कारण पूरी बिल्डिंग का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बी-विंग का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद एनडीआरएफ और राहत दल ने तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाया। अब तक 6 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें देवजी नगर के निवासी 32 वर्षीय शमीम शेख का शव शामिल है। अन्य शवों को बाहर निकालने का प्रयास जारी है। राहत की बात यह रही कि मलबे से एक छोटी बच्ची समेत तीन लोगों को सुरक्षित जीवित बाहर निकाला गया। बचाई गई बच्ची ने बताया कि हादसे के वक्त उसके माता-पिता किसी तरह भागकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन वह मलबे में फंस गई थी जिसे बचाव दल ने सुरक्षित निकाल लिया।

जेसीबी और कटर से मलबा हटाने में जुटी NDRF की टीम

फिलहाल मौके पर एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें तैनात हैं। भारी-भरकम जेसीबी मशीनों, कटर और आधुनिक उपकरणों की मदद से मलबे को हटाने का काम तेज गति से किया जा रहा है, ताकि नीचे फंसे अन्य लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। पुलिस और प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Check Also

भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई: STF जवान अक्षय कुमार आरा से गिरफ्तार, जांच में मिले पुख्ता सबूत 

आरा (बिहार)।  बिहार के भोजपुर जिले के बहुचर्चित भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले में पुलिस …