Wednesday , 13 May 2026

लखनऊ: हँसते-मुस्कुराते पार्क में घुसे दो दोस्त, चंद मिनटों बाद एक की लाश मिली; खौफनाक वारदात सीसीटीवी में कैद

लखनऊ: राजधानी के बाजार खाला थाना क्षेत्र में दोस्ती के कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महाराजा अग्रसेन पार्क में मंगलवार सुबह दो दोस्तों के बीच मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपी ने लकड़ी के पटरे से अपने ही साथी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को धर दबोचा है।

साथ बैठकर खाया खाना, फिर अचानक बन गया ‘जल्लाद’

पुलिस के अनुसार, संजय नगर मोतीझील निवासी विजय गौतम (40), जो पेशे से मजदूर था, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे काम पर जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में उसे उसके ही मोहल्ले का रहने वाला पिंटू मिल गया। दोनों हंसी-मजाक करते हुए तिलक नगर स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क के अंदर गए। पार्क में लगी एक टेबल पर बैठकर दोनों ने साथ में खाना खाया और बातचीत की। लेकिन कुछ ही देर में उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

लकड़ी के पटरे से सिर पर किए कई वार

विवाद इतना बढ़ा कि पिंटू ने आपा खो दिया। उसने पास ही पड़ा एक लकड़ी का भारी पटरा उठाया और विजय के सिर पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। विजय लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिंटू हाथ में पटरा लिए ही पार्क से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज ने खोल दी आरोपी की पोल

डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए जब पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया, तो पूरी हकीकत सामने आ गई। फुटेज में विजय और पिंटू एक साथ पार्क के अंदर जाते दिख रहे हैं, लेकिन कुछ समय बाद केवल पिंटू ही बाहर निकलता नजर आया। भागते वक्त उसके हाथ में वही पटरा था, जिससे उसने हत्या की थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पिंटू को हिरासत में ले लिया।

पुलिस की कार्रवाई: आरोपी से पूछताछ जारी

पुलिस ने मृतक विजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पिंटू फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ की जा रही है कि आखिर ऐसी क्या बात हुई जिसने सालों पुरानी दोस्ती को दुश्मनी में बदल दिया। डीसीपी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Check Also

Prateek Yadav Death Updates: प्रतीक यादव की मौत मामले में नया मोड़, जिम पार्टनर का ‘सिर में चोट’ वाला दावा और पुलिस की सख्त कार्रवाई

समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा …