Friday , 17 April 2026

लखनऊ: हाथ-पांव बंधी महिला की लाश मिलने से सनसनी, 4 दिन बाद भी ‘ब्लाइंड मर्डर’ बनी गुत्थी, सीसीटीवी और सर्विलांस का सहारा, फिर भी सुराग नहीं…..

लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी के काकोरी इलाके में बीते गुरुवार को हुई रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। मदारपुर गांव के पास सड़क किनारे एक मैदान में मिली करीब 32 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या की गई थी, लेकिन घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी लखनऊ की ‘हाईटेक पुलिस’ के हाथ खाली हैं। न तो अब तक मृतका की शिनाख्त हो सकी है और न ही कातिलों का कोई सुराग मिला है।

खून से लथपथ मिली थी लाश, बेरहमी की हदें पार

इब्राहिमपुर के मदारपुर गांव के बाहर जब ग्रामीणों ने एक महिला का शव देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। महिला की हालत देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए। मृतका के हाथ बंधे हुए थे, बदन पर चोट के गंभीर निशान थे और चारों तरफ खून फैला हुआ था। शव के ऊपर एक बोरी डाली गई थी ताकि उसे छिपाया जा सके। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, लेकिन पहचान न होने के कारण जांच की सुई एक ही जगह अटकी हुई है।

सीसीटीवी और सर्विलांस का सहारा, फिर भी सुराग नहीं

पुलिस की टीमें घटनास्थल से लेकर आने-जाने वाले सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की खाक छान रही हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला वहां कैसे पहुंची? क्या उसे किसी वाहन से लाकर फेंका गया या वारदात वहीं अंजाम दी गई? आसपास के जनपदों और थानों में मृतका की फोटो भेजकर जानकारियां जुटाई जा रही हैं, लेकिन अभी तक किसी भी लापता महिला का हुलिया इससे मैच नहीं हुआ है।

प्रेम प्रसंग या रंजिश? कई एंगल पर उलझी जांच

महिला की जिस बेरहमी से हत्या की गई है, उसे देखते हुए पुलिस कई संभावनाओं पर काम कर रही है। क्या यह मामला अवैध संबंधों या प्रेम प्रसंग का है? या फिर किसी पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया? पुलिस दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है। जानकारों का मानना है कि जब तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो जाती, तब तक कातिलों तक पहुंचना लगभग नामुमकिन है।

पुलिस की साख दांव पर, ग्रामीणों में खौफ

काकोरी जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों में डर पैदा कर दिया है। खाकी के लिए यह मामला ‘ब्लाइंड मर्डर’ बन चुका है, जिसे सुलझाने में टीमों के पसीने छूट रहे हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का दावा है कि टीमें दिन-रात काम कर रही हैं और जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


 

Check Also

बीपीओ में ‘दबंग मैम’ का खौफ: बुर्के की ट्रेनिंग और जबरन नमाज, निदा खान के धर्मांतरण सिंडिकेट का ‘मलेशिया’ कनेक्शन आया सामने

नासिक: शहर के प्रतिष्ठित बीपीओ (BPO) सेक्टर से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है …