नई दिल्ली। आज से मई महीने की शुरुआत हो गई है और पहली तारीख के साथ ही आम आदमी की रसोई से जुड़ी बड़ी खबरें सामने आ रही हैं। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (HP, भारत गैस और इंडेन) ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव के साथ-साथ डिलीवरी और बुकिंग के नियमों को पूरी तरह बदल दिया है। अगर आप भी घर में गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं, तो ये 4 नए नियम आपके लिए जानना बेहद जरूरी है, वरना आपकी गैस सप्लाई रुक सकती है।
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल
महीने के पहले ही दिन महंगाई का बड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में ₹993 की भारी बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है, लेकिन नए कड़े नियमों ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।
अब बिना OTP नहीं मिलेगी डिलीवरी
गैस चोरी और गलत हाथों में सिलेंडर जाने से रोकने के लिए कंपनियों ने अब ‘डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड’ (DAC) को अनिवार्य कर दिया है। पहले डिलीवरी बॉय अक्सर बिना ओटीपी के ही सिलेंडर दे देते थे, लेकिन अब नए नियम के तहत आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आने वाला OTP बताना अनिवार्य होगा। अगर आप ओटीपी साझा नहीं करते हैं, तो डिलीवरी बॉय आपको सिलेंडर देने से मना कर सकता है।
बुकिंग के समय में बदलाव: अब करना होगा लंबा इंतज़ार
सिलेंडर रिफिल कराने के नियमों में भी सख्ती कर दी गई है। अब तक ग्राहक 21 दिनों के अंतराल पर नया सिलेंडर बुक कर सकते थे, लेकिन नए नियमों के अनुसार अब यह समय सीमा बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। यानी अब आप एक सिलेंडर लेने के बाद अगले 25 दिनों से पहले दूसरी बुकिंग नहीं करा पाएंगे।
PNG ग्राहकों के लिए LPG कनेक्शन हुआ बंद
सरकार ने दोहरा लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसा है। जिन घरों में पाइप वाली गैस (PNG) पहुंच चुकी है, वे अब एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। हाल के वैश्विक हालातों और गैस की किल्लत को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। ऐसे उपभोक्ताओं को अपना पुराना एलपीजी कनेक्शन तुरंत सरेंडर करना होगा।
e-KYC है सबसे जरूरी, वरना ब्लॉक होगा कनेक्शन
गैस सब्सिडी और कनेक्शन की वैधता बनाए रखने के लिए सरकार ने e-KYC को अनिवार्य कर दिया है। जिन ग्राहकों ने अभी तक अपनी केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें आने वाले समय में बुकिंग में दिक्कत आ सकती है। यह कदम मुख्य रूप से सिलेंडर की कालाबाजारी को रोकने और असली लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने के लिए उठाया गया है।
क्यों सख्त करने पड़े नियम?
बीते कुछ समय से बाजार में एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध स्टॉक की खबरें लगातार आ रही थीं। इसकी वजह से देश के कई हिस्सों में गैस की कृत्रिम किल्लत पैदा हो गई थी। इन धांधलियों पर लगाम लगाने और वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने इन नए नियमों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
voice of india
