लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके में चार साल लंबे प्रेम संबंध का एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज अंत सामने आया है। एलडीए कॉलोनी में रहने वाली 40 वर्षीय शिवानी गुप्ता ने अपने प्रेमी की बेवफाई और मानसिक शोषण से तंग आकर पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मौत से गले मिलने से पहले शिवानी ने एक सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें अपने प्रेमी पर धोखा देने, शोषण करने और पैसे-जेवर हड़पने का दिल दहला देने वाला आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
चार साल पुराना रिश्ता और दुकान के ऊपर बना कमरा
मिली जानकारी के मुताबिक, आशियाना सेक्टर एम1 निवासी आकांक्षा गुप्ता ने बताया कि उनकी बड़ी बहन शिवानी गुप्ता (40) का एलडीए कालोनी सेक्टर डी1 निवासी इलेक्ट्रिक कारोबारी वरुण श्रीवास्तव के साथ बीते चार वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। वरुण शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है। आरोपी वरुण ने अपनी दुकान के ऊपर बने एक कमरे में शिवानी को किराएदार के रूप में रखा हुआ था, जबकि उसका अपना परिवार दुकान के ठीक पीछे बने मकान में रहता था। शिवानी को लगातार शादी और बेहतर भविष्य का झांसा दिया जा रहा था।

फोन न उठने पर पहुंचे भाई-बहन तो फंदे से लटक रही थी लाश
घटना वाले दिन बुधवार शाम जब शिवानी का फोन काफी देर तक नहीं उठा और संपर्क टूट गया, तो उसकी छोटी बहन आकांक्षा अपने भाई के साथ कृष्णा नगर स्थित उसके कमरे पर पहुंची। जैसे ही परिजनों ने दरवाजा खोलकर अंदर का नजारा देखा, उनके होश उड़ गए। शिवानी कमरे में पंखे से बंधे दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सुसाइड नोट में खुला बेवफाई का राज, जेवर और पैसे हड़पने का आरोप
मृतका की बहन आकांक्षा ने पुलिस के सामने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी वरुण एक अय्याश किस्म का व्यक्ति है। शिवानी के पास अपने दिवंगत पिता द्वारा बेचे गए मकान के पैसे और मां के छोड़े गए सारे सोने-चांदी के जेवर रखे थे, जिन्हें वरुण ने अपने झांसे में लेकर ऐंठ लिया था। मरने से पहले शिवानी द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट में भी आरोपी की बेवफाई, धोखाधड़ी, मारपीट और लगातार किए जा रहे मानसिक शोषण की पूरी कहानी दर्ज है।
आरोपी गिरफ्तार, पहले ही उठ चुका था माता-पिता का साया
कृष्णा नगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि मृतका की बहन आकांक्षा की तहरीर और मौके से बरामद सुसाइड नोट के आधार पर आरोपी वरुण श्रीवास्तव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (दुष्प्रेरण), मानसिक व शारीरिक शोषण और मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि मृतका के माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। परिवार में तीन बहनें और एक भाई थे, जो सभी अविवाहित हैं। शिवानी भी अविवाहित थी और अपने परिवार के आर्थिक-मानसिक सहारे की तलाश में आरोपी के जाल में फंस गई थी। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
voice of india
