बिल्हौर (कानपुर) / कानपुर जिले के बिल्हौर क्षेत्र स्थित मकनपुर गांव का एक उभरता हुआ युवा क्रिकेटर इन दिनों मध्य प्रदेश पुलिस की रडार पर आ गया है। क्रिकेट के मैदान पर अपनी रफ्तार और घातक गेंदबाजी के लिए ‘स्टार बॉलर’ के नाम से मशहूर युवक पर मध्य प्रदेश के सतना जिले की एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का गंभीर आरोप लगा है। ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए शुरू हुई यह बातचीत कथित प्यार में बदल गई और अब दोनों लापता हैं।

प्रयागराज में मैच खेलने के बहाने निकला था युवक
ग्रामीणों और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक मतीन स्थानीय क्रिकेट सर्किल में अपनी पहचान बना चुका था और उससे परिवार को काफी उम्मीदें थीं। बीते शुक्रवार को वह परिजनों से प्रयागराज में एक क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद से उसका परिजनों से कोई संपर्क नहीं हो सका। वहीं दूसरी ओर, सतना निवासी किशोरी के परिजनों ने उसके 18 जुलाई से अचानक घर से मोबाइल लेकर गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
सहेलियों के खुलासे के बाद हरकत में आई मध्य प्रदेश पुलिस
सतना में किशोरी के लापता होने के बाद जब पुलिस और परिजनों ने उसकी सहेलियों से पूछताछ की, तो चौंकाने वाला मामला सामने आया। सहेलियों ने जानकारी दी कि किशोरी की एक गेमिंग ऐप के जरिए कानपुर के मतीन नाम के युवक से पहचान हुई थी और वह उसी के साथ गई है। इसके तुरंत बाद परिजनों की शिकायत पर सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज किया गया। तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मध्य प्रदेश पुलिस बुधवार को अरौल थाना क्षेत्र के मकनपुर पहुंची।
गांव में डेरा डाले रही पुलिस, परिजनों से घंटों चली पूछताछ
सतना पुलिस ने स्थानीय पुलिस टीम के साथ मकनपुर में आरोपी के घर पर छापेमारी की। पुलिस ने आरोपी के भाई, परिजनों और करीबी दोस्तों से घंटों तक गहन पूछताछ की। हालांकि घंटों की मशक्कत के बाद भी युवक और किशोरी का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। इसके बावजूद पुलिस टीम देर शाम तक गांव में ही डेरा डाले रही और आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देती रही।
पुलिस अधिकारियों का बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बिल्हौर के एसीपी अंकित कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश के सतना से आई पुलिस टीम के साथ स्थानीय पुलिस आरोपी और नाबालिग किशोरी की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल युवक के भाई से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सर्विलांस और अन्य माध्यमों से लगातार लोकेशन ट्रेस कर रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
voice of india
