Tuesday , 26 May 2026

कानपुर: बंद फैक्ट्री में किशोरी से दरिंदगी, फिर सोशल मीडिया पर ‘नीलाम’ की अस्मत; आरोपी ने पिता को दी जान से मारने की धमकी

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद स्थित घाटमपुर थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक दरिंदे ने न सिर्फ 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी की अस्मत लूटी, बल्कि उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने पीड़िता के परिजनों को जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन शादी का दबाव भी बनाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।

मौसी के घर गई थी किशोरी, बंद फैक्ट्री में ले जाकर किया दुष्कर्म

पीड़ित पिता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, उनकी 17 वर्षीय बेटी अपनी मौसी के घर गई हुई थी। इसी दौरान गांव के ही कृष्णा सोनकर पुत्र राजू सोनकर ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। आरोप है कि कृष्णा उसे बहला-फुसलाकर कानपुर-सागर हाईवे पर स्थित एक बंद पड़ी फैक्ट्री में ले गया। वहां उसने डरा-धमकाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से ही किशोरी सहमी हुई थी और डर के मारे चुप थी।

इंस्टाग्राम पर वायरल की फोटो, व्हाट्सएप पर दी जान से मारने की धमकी

दुष्कर्म के बाद आरोपी कृष्णा सोनकर किशोरी के परिजनों पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा। जब परिजनों ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसने किशोरी की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिए। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता के पिता के व्हाट्सएप नंबर पर गंदी-गंदी गालियां दीं और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। परिजनों ने सबूत के तौर पर धमकी भरे मैसेज के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंपे हैं।

पुलिस का एक्शन: पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश में दबिश

मामले की जानकारी मिलते ही घाटमपुर थाना पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने आरोपी कृष्णा सोनकर के खिलाफ दुष्कर्म, आईटी एक्ट और पॉक्सो (POCSO) एक्ट जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

इंस्पेक्टर का बयान: “बख्शा नहीं जाएगा आरोपी”

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री को संज्ञान में लिया गया है। आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। महिला सुरक्षा और नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों पर पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है।”

Check Also

लखनऊ में हैवानियत : UPSC की तैयारी कर रही छात्रा को ट्रेन से उतारकर 3 दिन तक बंधक बनाया, नशीली कॉफी पिलाकर परिचित और उसके दोस्तों ने किया गैंगरेप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने …