
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर से पाठकों के लिए उपलब्ध हो रही है। लोकार्पण के साथ ही इस संस्मरण में शामिल कई अंशों ने देश के सियासी गलियारों में भारी हलचल पैदा कर दी है। सोनिया गांधी ने साल 2004 में आम चुनाव जीतने के बाद भी देश की कमान यानी प्रधानमंत्री की कुर्सी ठुकराने के अपने ऐतिहासिक फैसले की इनसाइड स्टोरी बयां की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उस वक्त उनका मन दोराहे पर था, जहां एक तरफ करोड़ों मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की उम्मीदों का दबाव था, तो दूसरी तरफ उनके अपने बच्चों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की गंभीर चिंताएं थीं, जो किसी भी कीमत पर अपनी मां को प्रधानमंत्री बनते नहीं देखना चाहते थे।
भीतर से गूंजी थी आवाज- ‘बस इसे छोड़ दो’ ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित किताब के विशेष अंश के मुताबिक, सोनिया गांधी ने उस बेहद तनावपूर्ण रात का खुलासा किया है जब उन्होंने पीएम पद की रेस से खुद को अलग करने का अंतिम मन बनाया। उनके अंतर्मन में चल रहा द्वंद्व उस क्षण शांत हो गया जब भीतर से एक स्पष्ट आवाज सुनाई दी— ‘Sonia, be true to yourself. Youve always known it. Just leave it!’ यानी ‘सोनिया, अपने प्रति सच्ची रहो। तुम हमेशा से यह जानती थीं। बस इसे छोड़ दो।’ इसके बाद उनके कदम पीछे नहीं हटे।
दादी और पिता की शहादत का खौफ: राहुल-प्रियंका ने क्यों किया था कड़ा विरोध? किताब में दर्ज है कि 2004 के लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही सोनिया ने राहुल और प्रियंका के साथ बैठकर इस बात पर चर्चा की थी कि अगर कांग्रेस की जीत होती है तो क्या वह प्रधानमंत्री बनेंगी? उस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में इनकार कर दिया था। राहुल और प्रियंका अपनी मां के शीर्ष पद पर जाने के पूरी तरह खिलाफ थे क्योंकि दोनों ने अपने परिवार की सबसे बड़ी त्रासदियां करीब से झेली थीं। दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की नृशंस हत्याओं का गहरा घाव दोनों के जेहन में ताजा था। उनके लिए प्रधानमंत्री पद का सीधा मतलब परिवार की सुरक्षा पर मंडराता नया खतरा था। सोनिया लिखती हैं कि जब उन्होंने कुर्सी न संभालने की बात कही, तो दोनों बच्चों ने राहत की सांस ली और उन्हें खुद भी एक सुकून का अहसास हुआ।
जिम्मेदारी की दुविधा और पद स्वीकार न करने का आंतरिक संघर्ष सोनिया गांधी ने स्वीकार किया कि 2004 के नतीजों के बाद उनकी मनोदशा बेहद जटिल हो गई थी। एक तरफ उनके मन में यह भाव था कि सास इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी ने जिस विचारधारा और राजनीतिक विरासत के लिए अपना जीवन दिया, उसे आगे बढ़ाना उनका दायित्व है। लेकिन दूसरी तरफ उनकी अंतरात्मा पीएम की कुर्सी स्वीकार करने को तैयार नहीं थी। उन्हें यह डर भी सता रहा था कि फैसले से पार्टी कार्यकर्ताओं और कांग्रेस को वोट देने वाली जनता को भारी मायूसी होगी। इसी असमंजस में वह कई बार पूरी तरह स्पष्ट होती थीं, तो अगले ही पल दुविधा के भंवर में घिर जाती थीं।
‘आपने हां क्यों कह दिया?’ बैठक में जब नाराज हो गए राहुल गांधी किताब में उस भावुक वाकये का भी ब्योरा है जब यूपीए और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोनिया को मनाने उनके आवास पहुंचे थे। नेताओं ने बाहर सहयोगियों से दावा किया था कि वे सोनिया को राजी कर लेंगे। इसी दौरान राहुल गांधी ने सीधे मां से सवाल पूछ लिया कि उन्होंने पीएम बनने के लिए हामी क्यों भरी? जब सोनिया ने बताया कि नेता उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे और भारी दबाव बना रहे थे, तो राहुल काफी खफा हो गए। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा की आंखें लाल थीं और उन्होंने मां को याद दिलाया कि वह अपने फैसले को लेकर पहले से साफ थीं, इसलिए किसी दबाव में न झुकें। उस वक्त माहौल इतना संवेदनशील था कि खुद सोनिया का गला भी भर आया था।
विदेशी मूल का विवाद और देशहित की प्राथमिकता पद छोड़ने के पीछे सोनिया गांधी ने एक बड़े राजनीतिक पहलू का भी उल्लेख किया है। उन्हें पूरी आशंका थी कि यदि वह पदभार संभालती हैं, तो भाजपा और उसके सहयोगी दल उनके विदेशी मूल के मुद्दे को तूल देकर बड़ा राजनीतिक बखेड़ा खड़ा करेंगे। इससे न केवल सरकार का कामकाज ठप होगा, बल्कि देश के विकास पर भी बुरा असर पड़ेगा। सोनिया ने भावुक होकर लिखा कि भारत वह मुल्क है जिसने उनकी तमाम त्रासदियों के बाद उन्हें अपनी गोद में पनाह दी और बेपनाह मोहब्बत बख्शी। ऐसे में वह ऐसा कोई कदम नहीं उठा सकती थीं जिससे देश के हितों पर आंच आए। उनके लिए पद से ज्यादा जरूरी था कि मुल्क में एक स्थिर, मजबूत, धर्मनिरपेक्ष और विकासशील सरकार चले।
सेंट्रल हॉल का वह हंगामा और डॉ. मनमोहन सिंह की ताजपोशी सोनिया गांधी ने संसद के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल का मंजर याद करते हुए लिखा कि जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने की घोषणा की, तो सन्नाटा चीख-पुकार में बदल गया। कई सांसद और वरिष्ठ नेता रोने लगे, कुछ चिल्लाते हुए उनसे फैसला बदलने की जिद करने लगे। भारी हंगामे और भावुक माहौल के चलते सोनिया को अपना भाषण बीच में ही रोककर मंच से बाहर जाना पड़ा। कुछ देर बाद वह फिर वापस लौटीं और दृढ़ता से दोहराया कि प्रधानमंत्री बनना उनका लक्ष्य कभी नहीं था और वह सिद्धांतों से समझौता नहीं करेंगी। इसके तुरंत बाद उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह को कांग्रेस संसदीय दल और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर आगे बढ़ाया, जिसके बाद 2004 में मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए सरकार का गठन हुआ।
voice of india