नई दिल्ली। देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में से एक ‘जेईई एडवांस्ड 2026’ (JEE Advanced 2026) के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस साल के नतीजों में आईआईटी दिल्ली (IIT Delhi) जोन के छात्रों ने इतिहास रचते हुए कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) के टॉप तीन स्थानों पर अपना एकछत्र कब्जा जमा लिया है। आईआईटी दिल्ली जोन के होनहार छात्र शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल कर देश भर में टॉप किया है। वहीं, छात्राओं (महिला कैटेगरी) में आरोही देशपांडे ने बाजी मारते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है।
इस साल परीक्षा का आयोजन करने वाले संस्थान आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) ने 1 जून को सुबह करीब 2 बजे आधिकारिक वेबसाइट पर नतीजों की घोषणा की, जिसके बाद से सफल छात्रों के घरों में जश्न का माहौल है।
शुभम कुमार को मिले 330 अंक, कबीर और जतिन ने हासिल की दूसरी-तीसरी रैंक
आधिकारिक प्रेस रिलीज के मुताबिक, ऑल इंडिया टॉपर शुभम कुमार ने कुल 360 अंकों में से शानदार 330 अंक प्राप्त कर पहला स्थान का गौरव हासिल किया। टॉप-3 की इस रेस में उनके ही जोन के कबीर छिल्लर और जतिन चाहर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
-
AIR 1 (शुभम कुमार): 360 में से 330 अंक
-
AIR 2 (कबीर छिल्लर): 360 में से 329 अंक (महज 1 अंक से चूके टॉप पोजीशन)
-
AIR 3 (जतिन चाहर): 360 में से 319 अंक
वहीं, लड़कियों में देश भर में अव्वल आने वाली आरोही देशपांडे ने कुल 360 अंकों में से 280 अंक हासिल किए हैं, जो उनकी बेहतरीन तैयारी और कड़ी मेहनत को दर्शाता है।
1.79 लाख से ज्यादा छात्र हुए थे शामिल, 56 हजार से अधिक ने क्रैक किया एग्जाम
आईआईटी रुड़की द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस साल जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए कुल 1,87,389 छात्रों ने आवेदन (रजिस्ट्रेशन) किया था। इनमें से 1,79,694 छात्र 17 मई को आयोजित हुई मुख्य परीक्षा में शामिल हुए थे। 1 जून को जारी हुए नतीजों में कुल 56,880 उम्मीदवारों ने इस बेहद कठिन परीक्षा को पास कर आईआईटी की रेस में अपनी जगह पक्की की है। खास बात यह है कि क्वालीफाई करने वाले इन 56,880 परीक्षार्थियों में 10,107 छात्राएं भी शामिल हैं, जो महिला सशक्तिकरण की एक बेहतरीन मिसाल है।
आधिकारिक वेबसाइट पर ऐसे देखें स्कोरकार्ड, इन क्रेडेंशियल्स की होगी जरूरत
परीक्षा में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवार जेईई एडवांस्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना विस्तृत स्कोरकार्ड और रैंक लिस्ट देख सकते हैं। परिणाम और स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए छात्रों को लॉगिन विंडो में निम्नलिखित जानकारियों (क्रेडेंशियल्स) को दर्ज करना होगा:
-
जेईई एडवांस्ड रोल नंबर (Roll Number)
-
जन्मतिथि (Date of Birth)
-
पंजीकृत मोबाइल नंबर (Registered Mobile Number)
इन विवरणों को सबमिट करते ही आपका रिजल्ट स्क्रीन पर आ जाएगा, जिसे आप भविष्य की काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए डाउनलोड और प्रिंट कर सकते हैं।
voice of india
