
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के करधनी इलाके में अपनी ही पत्नी और तीन मासूम बेटियों का पत्थर से सिर कूंचकर बेरहमी से कत्ल करने वाला दरिंदा आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। चार-चार हत्याओं को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपी राहुल झा को क्राइम स्पेशल टीम (CST) और कमिश्नरेट पुलिस ने सीकर के रींगस से हिरासत में ले लिया है। आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित कर रखा था। रोंगटे खड़े कर देने वाले इस हत्याकांड के बाद आरोपी सीधे खाटूश्यामजी मंदिर दर्शन करने पहुंचा था, जहां पैसे खत्म होने पर उसने एक होटल में अपनी सोने की अंगूठी तक गिरवी रखने की कोशिश की थी।
कत्ल के बाद खाटूश्यामजी के दर्शन, होटल में 500 रुपये के लिए तरसा आरोपी
पुलिस जांच में आरोपी के भागने का बेहद चौंकाने वाला रूट सामने आया है। परिवार के चार सदस्यों का खात्मा करने के बाद राहुल जयपुर से सीधा खाटूश्यामजी पहुंच गया। वहां उसने मंदिर में दर्शन किए और फिर पास के एक होटल में कमरा लेकर रुक गया। शनिवार रात तक होटल का किराया और खाने-पीने के खर्च के बाद उसके पास सारे पैसे खत्म हो गए।
जब जेब पूरी तरह खाली हो गई, तो उसने होटल संचालक से हाथ जोड़कर कहा कि वह उसकी अंगूठी रख ले और बदले में कुछ पैसे दे दे। आरोपी ने यहां तक मिन्नतें कीं कि उसे केवल 500 रुपये ही दे दिए जाएं, लेकिन होटल संचालक को उस पर शक हुआ और उसने अंगूठी लेने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद राहुल वहां से चुपचाप निकला और रींगस कस्बे में पहुंच गया।
रींगस में धर दबोचा, 25 हजार का इनामी था राहुल झा
होटल से निकलकर राहुल रींगस में छिपने की फिराक में था, तभी मुखबिर और तकनीकी निगरानी के जरिए कमिश्नरेट की सीएसटी (CST) को उसके रींगस में मौजूद होने का पुख्ता इनपुट मिल गया। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश, स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश की निगरानी और डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण की सीधी मॉनिटरिंग में टीम वेस्ट ने फौरन घेराबंदी की और 25 हजार के इनामी आरोपी राहुल झा को धर दबोचा।
कर्ज में डूबा था आरोपी, हत्या की वजह पर बोला- ‘मुझे नहीं पता कैसे हुआ’
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में राहुल झा ने स्वीकार किया है कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था। हालांकि, जब जांच अधिकारियों ने उससे यह सवाल पूछा कि उसने अपनी सोती हुई पत्नी और तीन फूल जैसी बेटियों को इतनी बेरहमी से क्यों मार डाला, तो वह सकपका गया। उसने पुलिस के सामने रटा-रटाया जवाब देते हुए कहा, “मुझे नहीं पता कि यह सब कैसे हो गया।” पुलिस अब उससे मनोवैज्ञानिक और सघन तरीके से पूछताछ कर रही है ताकि हत्याकांड की असली वजह सामने आ सके।
नींद में पत्थरों से कुचला सिर, सुबह पिता को चाय पिलाकर हुआ फरार
दिल दहला देने वाला यह मामला करधनी थाना क्षेत्र का है। शेयर ट्रेडिंग का काम करने वाला राहुल झा कुछ दिन पहले ही गुजरात से लौटा था। उस पर भारी कर्ज था और उसने वारदात से तीन दिन पहले पड़ोस की एक महिला से भी 25 हजार रुपये उधार लिए थे।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात से शुक्रवार तड़के के बीच जब पूरा घर गहरी नींद में था, तब राहुल ने भारी पत्थर से पत्नी गीता झा (42) और तीनों बेटियों—नंदिनी (23), राधिका (18) और गौरी (14) के सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। पत्नी की लाश पहली मंजिल पर और तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ मिले।
वारदात के बाद आरोपी के चेहरे पर शिकन तक नहीं थी। उसने शुक्रवार सुबह 7 बजे सामान्य दिनों की तरह बाहर जाकर दूध लिया, अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ के लिए चाय बनाई, उन्हें चाय पिलाई और फिर चुपचाप घर से फरार हो गया। सुबह 10 बजे जब पिता कमरों में पहुंचे, तब इस चौहरे हत्याकांड का राजफाश हुआ। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर बरामद कर लिया है और अब आरोपी से विस्तृत रिमांड लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
voice of india