Monday , 1 June 2026

IPL 2026: आरसीबी ने रचा इतिहास! गुजरात को धूल चटाकर लगातार दूसरी बार जीता खिताब, ये रहे जीत के 5 महानायक

 अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें इस दौर की सबसे खतरनाक टीम माना जा रहा है। रविवार को अहमदाबाद के खचाखच भरे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस (GT) को करारी शिकस्त दी। इस धमाकेदार जीत के साथ ही आरसीबी ने लगातार दूसरी बार आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया है।

इस ऐतिहासिक कारनामे के साथ ही बेंगलुरु अब चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद आईपीएल इतिहास में लगातार दो बार खिताब जीतने वाली सिर्फ तीसरी टीम बन गई है। करीब डेढ़ महीने तक चले इस कड़े टूर्नामेंट में आरसीबी का यह दबदबा यूं ही नहीं आया। पर्दे के पीछे हेड कोच एंडी फ्लावर, सपोर्ट स्टाफ और मैनेजमेंट की सोची-समझी रणनीति ने काम किया। आइए जानते हैं आरसीबी की इस खिताबी बादशाहत के वो 5 बड़े कारण, जिन्होंने गुजरात टाइटंस के मुंह से जीत छीन ली।

1. आक्रामकता को बनाया ‘सक्सेस मंत्र’

मैनेजमेंट और हेड कोच एंडी फ्लावर की अगुवाई में आरसीबी ने इस सीजन में एक नई परिभाषा लिखी। टीम ने ‘अटैक’ को ही अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया। यह आक्रामक सोच सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि मैदान पर बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में साफ नजर आई। कप्तान रजत पाटीदार ने खुद मोर्चे से इस सोच को लीड किया, जिसका असर टीम के सबसे जूनियर और अनकैप्ड खिलाड़ियों के प्रदर्शन में भी दिखा। जिस बेखौफ अंदाज के साथ आरसीबी ने इस मेगा टूर्नामेंट की शुरुआत की थी, उसी एप्रोच के साथ फाइनल का अंत भी किया और यही नजरिया उनकी जीत की सबसे बड़ी बुनियाद बना।

2. किंग कोहली और टॉप ऑर्डर का ‘विराट’ प्रदर्शन

आरसीबी की खिताबी जीत की दूसरी सबसे बड़ी ताकत उसका टॉप ऑर्डर रहा, जिसने ‘अटैक इज द बेस्ट पॉलिसी’ के फॉर्मूले को कभी नहीं छोड़ा। हालांकि, ओपनिंग में विराट कोहली के जोड़ीदार को लेकर थोड़े बदलाव देखने को मिले। पहले बीथल की फॉर्म बिगड़ी तो फिल सॉल्ट को मौका मिला, और जब सॉल्ट का बल्ला शांत हुआ तो मैनेजमेंट ने सही समय पर वेंकटेश अय्यर को ओपनर बनाकर मास्टरस्ट्रोक खेल दिया।

दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने 16 मैचों में 56.26 के शानदार औसत से एक शतक और 5 अर्धशतक जड़ते हुए टीम के लिए सबसे ज्यादा 675 रन बनाए। वहीं, स्लॉग ओवरों में गेम बदलने वाले वेंकटेश अय्यर ने महज 7 मैचों की 6 पारियों में 52.25 के औसत से 209 रन कूट दिए। इसके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने भी निरंतरता दिखाते हुए 16 मैचों में 33.14 के औसत से 464 रन बनाकर मध्यक्रम को मजबूती दी।

3. कप्तान रजत पाटीदार का आगे रहकर नेतृत्व

अगर रनों के मामले में विराट कोहली टीम के बॉस रहे, तो कप्तानी और मिडिल ऑर्डर में रजत पाटीदार इस टीम की रीढ़ साबित हुए। नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए पाटीदार के तूफानी अंदाज और मैदान पर उनकी सूझबूझ भरी कप्तानी ने विरोधी टीमों को कभी उबरने का मौका नहीं दिया। पाटीदार इस सीजन के उन चुनिंदा कप्तानों में शामिल रहे जिन्होंने 500 रनों का आंकड़ा पार किया। उन्होंने 15 मैचों में 35.78 के औसत से 501 रन बनाए, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल थे। सबसे खास बात उनका 192.69 का स्ट्राइक रेट रहा, जो इस टूर्नामेंट में छठा सबसे बेस्ट स्ट्राइक रेट था।

4. 37 साल के भुवनेश्वर कुमार का जादुई स्पेल

क्रिकेट में कहावत है कि बल्लेबाज आपको मैच जिताते हैं लेकिन गेंदबाज आपको टूर्नामेंट जिताते हैं। 37 साल के अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार आरसीबी के लिए इस सीजन में ‘गोल्डन आर्म’ साबित हुए। कप्तान पाटीदार ने जब भी संकट के समय भुवी के हाथ में गेंद थमाई, उन्होंने विकेट निकालकर दिया। बल्लेबाजी में जो भूमिका विराट की थी, गेंदबाजी में वही जिम्मेदारी भुवनेश्वर ने निभाई। भुवी ने 16 मैचों में 63 ओवर फेंकते हुए कुल 28 विकेट चटकाए और पर्पल कैप की रेस में सीजन के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे।

5. क्रुणाल पांड्या का ऑलराउंड शो और रासिख सलाम का साथ

मध्यक्रम में जहां रजत पाटीदार रनों की बरसात कर रहे थे, वहीं ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने गेंद और बल्ले दोनों से उनका बखूबी साथ निभाया। यह सीजन क्रुणाल के आईपीएल करियर का सबसे सर्वश्रेष्ठ सीजन कहा जा सकता है। उन्होंने बल्लेबाजी में 9 पारियों में 37.66 के औसत से 226 रन बनाए, तो वहीं गेंदबाजी में बेहद किफायती रहते हुए 50.3 ओवरों में 14 विकेट भी अपने नाम किए। क्रुणाल का इकॉनमी रेट (8.41) टीम में सबसे शानदार रहा। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के युवा सनसनी रासिख सलाम ने भुवनेश्वर का अच्छा साथ निभाया और 12 मैचों में 19 विकेट लेकर आरसीबी की खिताबी जीत में अपना अहम योगदान दिया।

Check Also

मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: आज देश के इन राज्यों में होगी भारी बारिश, राजस्थान में 80km की रफ्तार से आएगी धूलभरी आंधी, दिल्ली-यूपी भी भीगेंगे

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को देश के एक बड़े हिस्से के लिए मौसम …