Sunday , 6 September 2026

IND W vs PAK W: शैफाली वर्मा का ऐतिहासिक कारनामा, पाकिस्तान के खिलाफ महज 12 रन बनाकर तोड़े दो वर्ल्ड रिकॉर्ड; मंधाना-हरमनप्रीत को भी पछाड़ा

 विमेंस एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में भारत की विस्फोटक ओपनर शैफाली वर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ एक नया इतिहास रच दिया। भले ही वह मुकाबले में 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, लेकिन अपनी पारी का 7वां रन बनाते ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला टी20 क्रिकेट में 3000 रनों का आंकड़ा छू लिया। इसके साथ ही शैफाली ने एक साथ दो वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा लिए।

मुकाबले की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, जो पूरी तरह गलत साबित हुआ। भारतीय स्पिनर्स के घातक जाल में उलझकर पाकिस्तानी टीम महज 55 रनों के स्कोर पर ढेर हो गई। जवाब में भारतीय महिला टीम ने 8.4 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

महिला और पुरुष दोनों में सबसे कम उम्र में 3000 T20I रन

शैफाली वर्मा विमेंस टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में सबसे कम उम्र में 3000 रन पूरे करने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने यह मुकाम महज 22 साल और 220 दिन की उम्र में हासिल किया। इससे पहले यह कीर्तिमान आयरलैंड की गैबी लुईस के नाम था, जिन्होंने 24 साल 247 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।

खास बात यह है कि पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी कोई खिलाड़ी इतनी कम उम्र में 3000 रन नहीं बना सका है। पुरुषों में यह रिकॉर्ड मलेशिया के वीरनदीप सिंह (26 वर्ष) के नाम है, जबकि आईसीसी के पूर्ण सदस्य देशों में पाकिस्तान के बाबर आजम (28 वर्ष) शीर्ष पर थे। शैफाली ने इन सभी दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है।

सबसे कम उम्र में 3000 WT20I रन बनाने वाली टॉप खिलाड़ी:

  • शैफाली वर्मा (भारत): 22 साल, 220 दिन

  • गैबी लुईस (आयरलैंड): 24 साल, 247 दिन

  • ईशा ओझा (यूएई): 27 साल, 139 दिन

  • स्मृति मंधाना (भारत): 27 साल, 171 दिन

  • हेली मैथ्यूज (वेस्टइंडीज): 27 साल, 347 दिन

गेंदों के लिहाज से बनीं दुनिया की सबसे तेज बल्लेबाज

शैफाली ने केवल उम्र ही नहीं, बल्कि रफ्तार के मामले में भी नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने 3000 टी20I रन पूरे करने के लिए केवल 2321 गेंदें खेलीं। इसके साथ ही वह गेंदों के लिहाज से इस मुकाम तक पहुंचने वाली दुनिया की सबसे तेज महिला क्रिकेटर बन गई हैं और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पूर्व दिग्गज एलिसा हीली के रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए इतिहास रचा।

स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ा

शैफाली वर्मा भारतीय महिला क्रिकेट में स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर के बाद 3000 टी20 रन क्लब में शामिल होने वाली तीसरी भारतीय खिलाड़ी हैं। पारियों के लिहाज से वह भारत की सबसे तेज बल्लेबाज बन गई हैं। शैफाली ने 113 पारियों में यह मील का पत्थर छुआ, जबकि स्मृति मंधाना ने 122 और हरमनप्रीत कौर ने 135 पारियां खेली थीं। अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी के नाम है, जिन्होंने यह करिश्मा महज 100 पारियों में पूरा किया था।

Check Also

दही हांडी उत्सव में मातम: नवी मुंबई में मानव पिरामिड गिरने से 34 वर्षीय गोविंदा की मौत, मुंबई में 376 घायल, अस्पतालों में मची अफरा-तफरी

मुंबई/नवी मुंबई ब्यूरो: महाराष्ट्र में कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित दही हांडी उत्सव के …