
स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट के मैदान पर जब भी भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होते हैं, तो रोमांच की सारी सीमाएं टूट जाती हैं। भले ही इस महामुकाबले में अभी वक्त बाकी हो, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों के बीच इसका खुमार अभी से सिर चढ़कर बोलने लगा है। साल 2027 में होने वाले आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत 10 अक्टूबर को तय है। इस ब्लॉकबस्टर मैच को लेकर फैंस की दीवानगी का आलम यह है कि जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में मुकाबले को लाइव देखने के लिए करीब 84 लाख लोगों ने टिकट की मांग कर दी है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि जिस मैदान पर यह मुकाबला होना है, वहां दर्शकों के बैठने की कुल क्षमता मात्र 34,000 है। ऐसे में सीमित सीटों के मुकाबले लाखों की यह मांग आयोजकों के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन गई है।
फाइनल से भी 9 गुना ज्यादा भारत-पाक मैच के टिकट की डिमांड
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 का खिताबी मुकाबला भी 21 नवंबर को इसी ऐतिहासिक वांडरर्स मैदान पर खेला जाना है। विश्व कप फाइनल के लिए जहां लगभग 9 लाख प्रशंसकों ने टिकट की दावेदारी ठोकी है, वहीं ग्रुप स्टेज में होने वाले भारत-पाक मैच की मांग इससे 9 गुना अधिक पहुंच चुकी है। टूर्नामेंट का औपचारिक आगाज 7 अक्टूबर 2027 से होगा, जिसका पहला मुकाबला 2023 विश्व कप फाइनल की दो फाइनलिस्ट टीमों—भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। ओपनिंग मैच के बाद से ही टूर्नामेंट का पारा चढ़ेगा, लेकिन पूरी दुनिया की नजरें 10 अक्टूबर को होने वाले महामुकाबले पर टिकी रहेंगी।
एकतरफा रिकॉर्ड के बावजूद नहीं घटा महामुकाबले का रोमांच
क्रिकेट जगत में भारत और पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता हमेशा से सबसे बड़ी मानी जाती रही है, विशेषकर जब मंच विश्व कप का हो। हालांकि, हालिया आंकड़ों पर नजर डालें तो मैदान पर मुकाबला काफी हद तक एकतरफा साबित हुआ है। पिछली 9 भिड़ंत में भारतीय टीम का दबदबा साफ नजर आया है और टीम इंडिया ने हर मोर्चे पर बाजी मारी है। पाकिस्तान को भारत के खिलाफ आखिरी जीत साल 2022 के एशिया कप के दौरान मिली थी। इसके बावजूद फैंस के बीच इस मैच को लेकर जुनून रत्ती भर भी कम नहीं हुआ है और यही वजह है कि वांडरर्स के टिकटों के लिए दुनिया भर से मारामारी देखने को मिल रही है।
ग्रुप का समीकरण और सेमीफाइनल की राह
टूर्नामेंट के फॉर्मेट की बात करें तो भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। इस ग्रुप में उनके साथ ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं। वहीं दूसरे ग्रुप में इंग्लैंड, मेजबान दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, श्रीलंका और न्यूजीलैंड को जगह दी गई है। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, ग्रुप चरण से दोनों ग्रुप की शीर्ष तीन-तीन टीमें सीधे आगे बढ़ेंगी, जबकि चौथे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ टीम को सुपर-7 स्टेज में प्रवेश मिलेगा। इसके बाद सुपर-7 राउंड की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करेंगी।
voice of india