नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद चौंकाने वाला और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां भारतीय वायुसेना (IAF) के एक अधिकारी की 24 वर्षीय पत्नी के साथ स्कूल के पुराने दोस्त ने न केवल विश्वासघात किया, बल्कि नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, अश्लील वीडियो और तस्वीरें बनाकर पीड़िता को ब्लैकमेल किया गया, लाखों रुपये वसूले गए और अंत में तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर जबरन धर्म परिवर्तन (निकाह) भी करा दिया गया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मौलाना अभी भी फरार है।
प्लॉट खरीदने के बहाने होटल बुलाया, फिर शुरू हुआ घिनौना खेल
पीड़िता के पति भारतीय वायुसेना में अफसर हैं और वर्तमान में दूसरे शहर में तैनात हैं। महिला खुद को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नागपुर में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। फरवरी 2025 में, पीड़िता के साथ स्कूल में पढ़ने वाले पुराने सहपाठी अय्याज ताज मदारे (26) ने प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया। पुरानी पहचान होने के कारण महिला उस पर भरोसा कर बैठी। आरोपी अय्याज उसे वर्धा रोड स्थित एक नामी होटल में ले गया, जहां उसने महिला को कोल्ड ड्रिंक या जूस में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। महिला के बेहोश होते ही आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस घिनौनी करतूत की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।
अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी और ₹3 लाख की वसूली
होश में आने के बाद जब महिला को इस धोखे का अहसास हुआ, तो आरोपी ने उसे समाज में बदनाम करने और तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देना शुरू कर दिया। बदनामी के डर से पीड़िता चुप रही, जिसका फायदा उठाकर आरोपी लगातार उसका यौन शोषण करता रहा। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता को बुरी तरह ब्लैकमेल किया और डरा-धमकाकर उससे करीब 3 लाख 9 हजार रुपये भी वसूल लिए।
‘काला जादू’ और हिप्नोसिस का खौफनाक रिचुअल
महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में एक और रूह कंपा देने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि आरोपी अय्याज अक्सर एक प्लास्टिक की बोतल में कोई रहस्यमयी लिक्विड (तरल पदार्थ) लेकर आता था और उसे जबरन पिला देता था। इसके बाद वह उर्दू में कुछ आयतें या मंत्र बुदबुदाता था और महिला के चेहरे पर फूंक मारता था। आरोपी का दावा था कि यह हिप्नोसिस (सम्मोहन) और काला जादू है, जिसके बाद वह बेबस हो जाती थी और आरोपी उसका रेप करता था। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला रोते हुए अपना हाथ छुड़ाने की भीख मांग रही है और कह रही है, ‘तुम्हें लड़ने की बहुत आदत है ना, हाथ छोड़ो ना… छोड़ो… मुझे छोड़ दो’, लेकिन आरोपी पूरी ताकत से उसका हाथ पकड़े नजर आ रहा है।
जबरन खिलाया मांस, मौलाना ने पढ़वाया कलमा
क्रूरता और साजिश की हदें तो तब पार हो गईं, जब बीती 31 मई को मुख्य आरोपी अय्याज और उसका साथी आमीन शेख (30) महिला को जबरन अगवा कर कलमेश्वर ले गए। वहां पहले से मौजूद मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा (तामिया) के रहने वाले एक हजरत मौलाना ने जबरन कुछ धार्मिक रस्में पूरी करवाईं। पीड़िता का आरोप है कि उसकी मर्जी के खिलाफ उससे ‘कबूल है’ कहलवाया गया, जबरदस्ती मांस खिलाया गया और कलमा पढ़वाया गया। इसके बाद मौलाना ने घोषणा कर दी कि महिला ने इस्लाम अपना लिया है और अब अय्याज के साथ उसका निकाह हो चुका है। इस निकाह के ड्रामे के बाद आरोपी उसे फिर एक होटल में ले गया और दोबारा उसके साथ दुष्कर्म किया।
मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार, फरार मौलाना की तलाश तेज
जब प्रताड़ना बर्दाश्त से बाहर हो गई, तो पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर नागपुर पुलिस में इस पूरी आपबीती की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया और मुख्य आरोपी अय्याज ताज मदारे (26) और उसके मददगार साथी आमीन शेख (30) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, जबरन धर्म परिवर्तन कराने वाला मुख्य साजिशकर्ता हजरत मौलाना फिलहाल फरार है। पुलिस की कई टीमें मध्य प्रदेश के तामिया और आस-पास के इलाकों में मौलाना की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
voice of india
