Saturday , 2 May 2026

पुणे में हैवानियत की हदें पार: 4 साल की मासूम से रेप के बाद पत्थर से कुचलकर हत्या, तबेले में मिला शव; हाईवे जाम

पुणे। महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी कहे जाने वाले पुणे से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है जिसने पूरी मानवता को झकझोर कर रख दिया है। पुणे की भोर तहसील में शुक्रवार को एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी पोती की उम्र की 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की और फिर पकड़े जाने के डर से पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और गुस्साई भीड़ ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया है।

छुट्टियां बिताने नानी के घर आई थी मासूम

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मासूम बच्ची गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए भोर तहसील में अपनी नानी के घर आई थी। शुक्रवार दोपहर करीब 2:00 बजे, आरोपी भीमराव कांबले (65) ने बच्ची को अकेला पाकर उसे बहला-फुसलाया और अपने घर के पास स्थित एक तबेले में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी बेरहमी से जान ले ली।

CCTV फुटेज से खुला राज, तबेले में मिला खून से लथपथ शव

काफी देर तक जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जब लोग पास के तबेले में पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनकी रूह कांप गई। बच्ची का शव खून से लथपथ पड़ा था। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पास के एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी भीमराव कांबले बच्ची को तबेले की ओर ले जाता हुआ साफ दिखाई दिया। पुलिस ने बिना देरी किए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

सियासी उबाल: फडणवीस ने कहा- ‘फांसी दिलवाएंगे’, सुप्रिया सुले ने जताया दुख

इस घटना ने महाराष्ट्र की सियासत में भी उबाल ला दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ऐलान किया है कि सरकार इस केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराएगी और आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग करेगी।

वहीं, एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले ने इस घटना को मानवता पर कलंक बताते हुए कहा कि ऐसे दरिंदों को समाज में रहने का कोई हक नहीं है। पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख और शिवसेना प्रवक्ता शाइना NC ने भी इस क्रूरता के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

मुंबई-बेंगलुरु हाईवे जाम, 15 दिन में चार्जशीट का भरोसा

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार रात को न्याय की मांग करते हुए मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपी को बीच चौराहे पर सजा दी जाए। मौके पर पहुंचे पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने लोगों को शांत कराया और आश्वासन दिया कि पुलिस 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर देगी ताकि अपराधी को जल्द से जल्द सजा मिल सके

Check Also

ट्रम्प की दो टूक: ‘ईरान को किसी भी हाल में नहीं बनाने देंगे परमाणु बम’, होर्मुज पर छिड़ी आर-पार की जंग

फ्लोरिडा/वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियान को लेकर …