Sunday , 26 July 2026

झांसी में हैवानियत: नर्सिंग होम की छत पर युवती से रेप, परीक्षा देकर लौट रही थी छात्रा; कॉलेज से लौटते वक्त रास्ते से किया अगवा, फिर…

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित पीतांबरा हॉस्पिटल की छत पर एक युवती के साथ जबरन दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले की रहने वाली है। घटना के बाद आरोपी युवती को धमकाकर मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर मध्य प्रदेश की निवाड़ी पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। चूंकि वारदात झांसी क्षेत्र की है, इसलिए केस को आगे की कार्रवाई और जांच के लिए झांसी की नवाबाद थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है।

कॉलेज से लौटते वक्त रास्ते से किया अगवा

जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले की रहने वाली पीड़िता बीते 17 जुलाई 2026 को अपने घर से निवाड़ी बाईपास स्थित एक कॉलेज में परीक्षा (टेस्ट) देने गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद जब वह वापस अपने घर लौट रही थी, तभी रास्ते में निवाड़ी के चुरारा गांव का रहने वाला प्रीतम कुशवाह नाम का युवक उसे मिल गया। आरोप है कि प्रीतम ने युवती को जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया और डरा-धमकाकर उसे झांसी ले आया।

हॉस्प‍िटल की छत पर ले जाकर की दरिंदगी

झांसी लाने के बाद आरोपी युवक युवती को किसी बहाने से नवाबाद थाना क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित पीतांबरा हॉस्पिटल की छत पर ले गया। वहां उसने युवती को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। हैवानियत के बाद आरोपी ने अपने एक साथी को फोन करके बुलाया और पीड़िता को झांसी के पुलिया नंबर नौ के पास छोड़कर दोनों फरार हो गए।

परिजनों को दी सूचना, पुलिस ने केस किया ट्रांसफर

वारदात के बाद बदहवास पीड़िता ने किसी तरह फोन के जरिए अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी और अपने घर पहुंची। परिजनों के साथ पीड़िता निवाड़ी थाने पहुंची और आरोपी प्रीतम कुशवाह के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। निवाड़ी पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद घटनास्थल झांसी का होने के कारण केस की पूरी डायरी नवाबाद थाना (झांसी) पुलिस को हस्तांतरित कर दी है। अब झांसी पुलिस मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुट गई है।

Check Also

Ayodhya Ram Mandir Donation Theft Case: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT का पुनर्गठन, IPS किरण एस. के नेतृत्व में बनी नई टीम; 27 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में पेश होगी रिपोर्ट

अयोध्या। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा …