Thursday , 30 April 2026

कटिहार: ‘टीसी चाहिए तो पार्टी दो’, स्कूल में छात्राओं से मटन-पुलाव बनवाकर डकार गए गुरुजी; ग्रामीणों का भारी हंगामा

कटिहार। बिहार के शिक्षा विभाग में अजीबोगरीब और शर्मनाक कारनामे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड का है, जहाँ उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुशहा में शिक्षकों ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं। आरोप है कि यहां आठवीं कक्षा पास करने वाली एक छात्रा से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) के बदले ‘लजीज व्यंजनों’ की रिश्वत मांगी गई। मामला तब गरमाया जब छात्रा मजबूरी में घर से मटन, मछली और पुलाव बनवाकर स्कूल ले आई और शिक्षकों ने स्कूल को ही ‘भोज स्थल’ बना डाला।

शिक्षा के मंदिर में मटन-मछली की दावत, छात्रा ने खोली पोल

पीड़ित छात्रा सबरी खातून ने बताया कि वह आठवीं पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए टीसी लेने स्कूल गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद शिक्षकों ने साफ कह दिया कि अगर टीसी चाहिए तो पार्टी देनी होगी। छात्रा ने बताया, “मुझ पर दबाव बनाया गया, जिसके बाद मैं घर से मटन, मछली, पुलाव, दाल और रोटी जैसे पकवान बनवाकर स्कूल लाई।” जब शिक्षक मजे से दावत उड़ा रहे थे और छात्रा टीसी लेकर वापस जाने लगी, तभी गांव वालों को इसकी भनक लग गई और स्कूल परिसर अखाड़ा बन गया।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, शिक्षकों ने कबूली ‘गलती’

घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और शिक्षकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां के प्रधानाध्यापक ने टीसी के बदले पार्टी लेने की कुप्रथा चला रखी है। मामले में फंसे एक आरोपी शिक्षक ने कैमरे पर स्वीकार किया कि स्कूल में भोजन किया गया था, जिसे उन्होंने अपनी ‘गलती’ बताया। जानकारी के मुताबिक, दावत उड़ाने वालों में दो महिला और एक पुरुष शिक्षक शामिल थे। मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद इजहार आलम ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्कूल को पिकनिक स्पॉट बनाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बीडीओ का एक्शन: जांच के बाद गिर सकती है गाज

हंगामे की सूचना मिलते ही आजमनगर के बीडीओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सरोज कुमार और थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराया और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। बीडीओ सरोज कुमार ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में शिक्षकों की संलिप्तता और भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है, तो उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पूरे इलाके में ‘मटन वाली टीसी’ की चर्चा जोरों पर है।

Check Also

Weather Alert: देश में गर्मी का तांडव, बांदा 45.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म; जानें मई-जून में कितनी सताएगी ‘लू’….IMD ने दी ये बड़ी चेतावनी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत समूचे भारत में सूर्य देव के तेवर तीखे बने हुए …