Monday , 13 July 2026

बैंकॉक के पब में भीषण आग का तांडव: धमाके के बाद लाशों में बदला डांस फ्लोर, 27 की मौत, कई गंभीर

बैंकॉक: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। सोमवार तड़के बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित एक मशहूर लाइव म्यूजिक पब में अचानक भीषण आग लग गई। इस भयानक अग्निकांड में झुलसकर अब तक 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि 60 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अस्पताल में भर्ती घायलों में से 22 लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिससे मौतों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है।

रेस्टरूम बना मौत का कुआं, रास्ता न मिलने से घुट गया दम

बचाव कार्य में जुटे दमकलकर्मियों को सबसे खौफनाक मंजर पब के पिछले हिस्से में बने रेस्टरूम (टॉयलेट) में देखने को मिला, जहां से एक साथ कई शव बरामद किए गए। राहत एवं बचाव दल के मुताबिक, जब पब में आग फैली तो लोग जान बचाने के लिए रेस्टरूम की तरफ भागे। उन्हें उम्मीद थी कि वहां वे सुरक्षित रहेंगे या बाहर निकलने का कोई रास्ता मिल जाएगा, लेकिन वेंटिलेशन न होने और चारों तरफ से घिर जाने के कारण वे वहीं फंस गए। दम घुटने और झुलसने की वजह से सभी पीड़ितों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

स्टेज पर धमाका और मिनटों में राख हुआ पूरा पब

चश्मदीदों ने बताया कि हादसा बेहद अचानक और तेजी से हुआ। शुरुआत में पब के मुख्य स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से तेज धुआं निकला और अचानक पूरे पब की लाइट गुल हो गई। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही एक जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया। पब के भीतर ज्वलनशील मैटेरियल होने के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में ही पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही कई फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने के बाद पब का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह मलबे और राख में तब्दील हो चुका था।

चश्मदीद बोले- ‘लोगों के शरीर धू-धू कर जल रहे थे, कपड़े से बुझाई आग’

न्यूज एजेंसी एएफपी (AFP) से बात करते हुए 45 वर्षीय मोटरबाइक टैक्सी ड्राइवर सुरिन जाइहार्न ने वहां का आंखों देखा खौफनाक मंजर बयां किया। सुरिन ने बताया, “मैंने पब के मुख्य दरवाजे से आग की लपटों को बाहर सड़क की तरफ आते देखा। लोग चिल्लाते हुए बदहवास भाग रहे थे और उनके शरीर पर आग लगी हुई थी। मैंने अपने कपड़ों का इस्तेमाल कर करीब पांच लोगों के शरीर की आग बुझाई और उन्हें बाहर निकाला। मुझे नहीं पता कि अब वे किस हाल में हैं, मैं बहुत दुखी हूं।”

फेसबुक पेज पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस लाइव म्यूजिक वेन्यू में एक बड़ा स्टेज, दो बार काउंटर और एक किचन था, जहां 300 से ज्यादा लोगों के बैठने की क्षमता थी। दावों के मुताबिक वहां चार फायर एग्जिट (आपातकालीन द्वार) भी थे, लेकिन हादसे के वक्त वे कितने कारगर रहे, यह जांच का विषय है।

शिनाख्त में आ रही मुश्किलें, अपनों को ढूंढ रहे लोग

समाचार एजेंसी एपी (AP) के अनुसार, बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट ने बताया कि अस्पतालों में भर्ती 60 घायलों में से 22 की हालत वेंटिलेटर पर है। पुलिस और प्रशासन के सामने इस समय सबसे बड़ी चुनौती मृतकों और बेहोश घायलों की पहचान करने की है, क्योंकि हादसे के वक्त भगदड़ में कई लोगों के आईडी कार्ड और बैग वहीं छूट गए। अपनों की तलाश में भटक रहे परिजनों की मदद के लिए घटनास्थल पर ही एक विशेष रजिस्ट्रेशन डेस्क बनाया गया है, जहां लोग जानकारी जुटा रहे हैं।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी: थाईलैंड में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी त्रासदियां

थाईलैंड के नाइटक्लबों और पबों में सुरक्षा मानकों (Safety Norms) की अनदेखी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले साल 2022 में भी देश के पूर्वी हिस्से में एक म्यूजिक पब में लगी आग में 14 लोगों की जान चली गई थी। वहीं, सबसे भीषण हादसा 1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के ही ‘सांतिका नाइटक्लब’ में हुआ था, जहां नए साल के जश्न के दौरान इनडोर आतिशबाजी के कारण लगी आग में 66 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से ज्यादा लोग झुलस गए थे।

 

 

 

Check Also

यूपी में महा-प्रशासनिक फेरबदल: 12 घंटे में योगी सरकार ने बदले 363 PCS अफसर, पढ़ें तबादलों की पूरी लिस्ट!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही …