एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक एक्सीडेंट ने पांच परिवारों की खुशियां पल भर में छीन लीं, वहीं 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। भीषण टक्कर की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी और एसएसपी फौरन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
कीलरमऊ गांव के पास खड़ी बस बनी काल, मची चीख-पुकार
यह दर्दनाक हादसा एटा के बागवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कीलरमऊ गांव के समीप हुआ। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली जा रही एक रोडवेज बस तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार कंटेनर ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के पास और नीचे खड़े यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रात के सन्नाटे में चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर दौड़े और राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी।
डीएम और एसएसपी ने संभाला मोर्चा, मेडिकल कॉलेज में घायलों का इलाज जारी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. इलामारन तत्काल दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर राहत व बचाव कार्य को गति दी। सभी घायलों को तुरंत एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने 5 यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन को सभी घायलों का मुफ्त और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे का यातायात सुचारु कराया गया है।
इन पांच घरों के बुझे चिराग, मृतकों की हुई पहचान
इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले 5 यात्रियों में से 4 की शिनाख्त हो चुकी है, जबकि एक शव की पहचान के प्रयास जारी हैं। मृतकों में बुलंदशहर के रहने वाले सतेंद्र (38 वर्ष), फर्रुखाबाद के दौलतपुर निवासी राजेश (34 वर्ष), फर्रुखाबाद के सुखराम (30 वर्ष) और फर्रुखाबाद के नवाबगंज निवासी शैलेश (29 वर्ष) शामिल हैं। हादसे में जान गंवाने वाले राजेश के भाई पवन कुमार ने रोते हुए बताया कि उनका पूरा परिवार दिल्ली जा रहा था, बस खराब होने के कारण वे लोग नीचे खड़े थे तभी मौत बनकर आए कंटेनर ने सब कुछ तबाह कर दिया।
घायलों की सूची: 10 साल के बच्चे समेत 12 लोग अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल हुए 12 लोगों का इलाज जारी है, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों में नोएडा सेक्टर-34 निवासी आनंद (52), नवाबगंज निवासी विवेक (30) व पूनम (32), एटा निवासी नीतीश (30), विशाल (15), रवि (17), यतेंद्र (27), मासूम दक्ष (10), विक्रांत (23), सुमित, रिशु (21) और ब्रजेश (24) शामिल हैं। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस की मरम्मत के दौरान बाहर खड़े लोग कंटेनर की चपेट में आए हैं, मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
voice of india
