Tuesday , 21 April 2026

प्यार की खौफनाक सजा, प्रेमिका के परिजनों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर ले ली प्रेमी की जान….धोखे से बुलाया घर फिर….

Couple consume poison

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से ऑनर किलिंग (Honor Killing) की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रानीपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से आगबबूला होकर लड़की के परिजनों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक को पहले धोखे से अपने घर बुलाया और फिर उस पर लाठी-डंडों से टूट पड़े। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़की के पिता समेत चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

धोखे से बुलाया घर, फिर उतारा मौत के घाट

घटना रानीपुर थाना क्षेत्र के हरदुवा गांव की है। मृतक राजू का गांव की ही एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे और राजू को रास्ते से हटाने की फिराक में थे। आरोप है कि सोची-समझी साजिश के तहत परिजनों ने राजू को मिलने के बहाने घर बुलाया। जैसे ही राजू वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे लड़की के पिता और चाचाओं ने उस पर हमला बोल दिया। राजू को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

भाई की तहरीर पर एक्शन, पिता और तीन चाचा गिरफ्तार

राजू की मौत की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई ननके ने पुलिस को दी तहरीर में लड़की के परिजनों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दबिश दी और निजामपुर गांव से चार आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लड़की के पिता सहजराम और चाचा सुनील, समपत व रामपत के रूप में हुई है।

कोर्ट ने सभी आरोपियों को भेजा जेल

रानीपुर पुलिस ने शनिवार को चारों हत्यारोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया। अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात की गई है और साक्ष्य संकलन का काम जारी है ताकि कोर्ट में आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके। इस घटना ने एक बार फिर समाज में प्रेम संबंधों को लेकर व्याप्त कट्टरता और हिंसा की कड़वी सच्चाई को उजागर कर दिया है।

Check Also

UP News: अवैध धर्मांतरण और देश के खिलाफ ‘युद्ध’ की साजिश! छांगुर बाबा समेत 8 पर NIA कोर्ट ने तय किए आरोप

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अवैध धर्मांतरण और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को उखाड़ फेंकने की …