Saturday , 14 November 2026

बिल्हौर में नशे का खौफनाक तांडव: शराब की बोतल तोड़कर युवक ने कांच से खुद के पेट पर किए ताबड़तोड़ वार, खेतों में मची अफरातफरी

बिल्हौर (कानपुर) । शराब का नशा सिर पर चढ़ते ही एक युवक ने खौफनाक कदम उठाते हुए खुद की जान लेने की कोशिश की और कांच के टुकड़ों से खुद को ही लहूलुहान कर डाला। गुरुवार सुबह खेतों के बीच हुई इस दिल दहला देने वाली घटना को देखकर वहां काम कर रहे किसान भी सन्न रह गए। आनन-फानन में पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया है।

ट्यूबवेल की छत पर चढ़कर पहले मचाया शोर, फिर तोड़ी शराब की बोतल प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह बिल्हौर कोतवाली भवन के समीप स्थित खेत में किसान शानू अपने साथी रामबिहारी के साथ फसल की सिंचाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों किसानों की नजर पास बने ट्यूबवेल की छत पर खड़े एक अज्ञात युवक पर पड़ी, जो जोर-जोर से चीख-चिल्ला रहा था। किसानों ने जब उसे डांटकर नीचे उतरने को कहा, तो वह छत से उतरकर वहां से जाने लगा। हालांकि, कुछ कदम आगे बढ़ने के बाद वह अचानक वापस लौट आया। इस बार युवक के हाथ में शराब की बोतल थी। वह दोबारा ट्यूबवेल की छत पर जा चढ़ा और बोतल को पूरी ताकत से जमीन पर पटककर चकनाचूर कर दिया।

कांच के टुकड़ों से पेट गोदकर हुआ लहूलुहान, किसानों ने बचाई जान बोतल टूटने के बाद युवक ने बिखरे हुए नुकीले कांच के टुकड़े उठाए और अपने ही पेट पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। देखते ही देखते वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। यह खौफनाक मंजर देखकर खेत में मौजूद किसान सहम गए और शोर मचाते हुए तुरंत उसकी जान बचाने के लिए दौड़ पड़े। किसानों ने तत्काल इसकी सूचना खेत मालिक हेमंत को दी। मामले की गंभीरता को भांपते हुए हेमंत ने फौरन स्थानीय पुलिस को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान युवक को कब्जे में लेकर सीएचसी बिल्हौर में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर अवस्था के चलते कानपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

जेब से मिला रावतपुर से बिल्हौर का बस टिकट, शिनाख्त में जुटी पुलिस तलाशी के दौरान घायल युवक की जेब से रोडवेज बस का एक टिकट बरामद हुआ है, जिससे यह सुराग मिला है कि वह बीती 11 नवंबर को कानपुर के रावतपुर से बस में सवार होकर बिल्हौर आया था। इसके अलावा युवक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी सही पहचान हो सके। युवक कौन है और उसने नशे की हालत में इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, यह फिलहाल रहस्य बना हुआ है। इस संबंध में बिल्हौर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पूरे प्रकरण की गहनता से छानबीन कर रही है और युवक के परिजनों का पता लगाने के साथ ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Check Also

UP Voter List SIR: 1.27 करोड़ वोट कटने के मुद्दे पर एक्शन मोड में योगी सरकार और भाजपा, 17 नवंबर से चलेगा विशेष अभियान; केशव मौर्य ने विपक्ष पर साधा निशाना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के …