Monday , 8 June 2026

लखनऊ में खौफनाक वारदात: चलती ऑटो में कारोबारी की पत्नी से दरिंदगी, गाजीपुर पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी के पैर में मारी गोली

लखनऊ। राजधानी के पॉश इलाके गाजीपुर में मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। एक सिरफिरे ऑटो चालक ने अपने साथी के साथ मिलकर एक नामचीन कारोबारी की 55 वर्षीय पत्नी के साथ चलती ऑटो में अश्लील हरकतें कीं। जब महिला ने अपनी अस्मत बचाने के लिए शोर मचाया, तो बेरहमों ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और उन्हें सेक्टर-25 के पास चलती ऑटो से नीचे फेंककर फरार हो गए। हालांकि, गाजीपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रविवार रात एक सनसनीखेज मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को पैर में गोली मारकर दबोच लिया है।

जानकीपुरम से लौट रही महिला बनी थी शिकार

डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा के मुताबिक, यह खौफनाक घटना बीती 6 तारीख की है। गोमतीनगर निवासी एक कारोबारी की 55 वर्षीय पत्नी जानकीपुरम इलाके से अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में उन्होंने एक ऑटो किराए पर लिया। ऑटो में बैठते ही चालक की नीयत डोल गई और उसने महिला के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ शुरू कर दी। पीड़िता ने जब इसका कड़ा विरोध किया और शोर मचाने का प्रयास किया, तो आरोपी और उसके साथी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपियों ने महिला का गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की और अंत में गाजीपुर थाना क्षेत्र के सेक्टर-25 के पास चलते ऑटो से सड़क पर फेंक दिया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, बंधा रोड पर हुई घेराबंदी

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए जाल बिछाया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए आखिरकार पुलिस ने आरोपी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो को चिन्हित कर लिया। रविवार की देर रात गाजीपुर पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल वही ऑटो बंधा रोड के पास खड़ा देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस पर झोंका फायर, जवाबी कार्रवाई में हुआ ढेर

खुद को पुलिस के शिकंजे में घिरता देख आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय अपनी अवैध पिस्टल से पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस कर्मियों ने खुद का बचाव करते हुए अदम्य साहस का परिचय दिया और आरोपी को ललकारते हुए उसका पीछा किया। आत्मरक्षार्थ और आरोपी को भागने से रोकने के लिए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली सीधे आरोपी के पैर में जा लगी। गोली लगते ही आरोपी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

सीतापुर का रहने वाला है शातिर अपराधी

पुलिस की गिरफ्त में आए इस शातिर अपराधी की पहचान 25 वर्षीय सनी कश्यप के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जनपद सीतापुर का निवासी है। पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की धरपकड़ और आगे की कानूनी कार्रवाई कड़ाई से की जा रही है।

Check Also

लखनऊ में दर्दनाक हादसा: रेजिडेंसी में सीवर साफ करने उतरे पिता-बेटे की जहरीली गैस से मौत, बिना सेफ्टी किट 20 फीट गहरे नरक में उतारा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के वीआईपी इलाके रेजिडेंसी क्षेत्र से एक बेहद दिल …