
वॉशिंगटन/यूटा: अमेरिका के यूटा राज्य से एक बेहद दिल दहला देने वाली और स्तब्ध करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ वेस्ट वैली सिटी में स्थित वैली फेयर मॉल के अंदर दिनदहाड़े एक अमेरिकी शख्स ने मुस्लिम मॉल कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पीड़ित से उसका नाम, देश और धर्म पूछने के बाद उस पर चाकू से 15 बार ताबड़तोड़ वार किए।
पुलिस ने इस पूरे मामले को एक गंभीर हेट क्राइम (नफरती अपराध) माना है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए 48 वर्षीय आरोपी की पहचान पीटर माइकल लार्सन के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि उसने पीड़ित को सिर्फ उसके धर्म की वजह से निशाना बनाया और उसका मकसद मुसलमानों को मारना था। पुलिस ने लार्सन पर हत्या के प्रयास और खतरनाक व्यवहार का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।
‘क्या तुम मुस्लिम हो?’… और पीठ फेरते ही कर दिया हमला
यूटा इस्लामिक सेंटर के इमाम शुएब दीन और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब आरोपी पीटर माइकल लार्सन मॉल के कर्मचारी सोहेल के पास गया। लार्सन ने सोहेल से पूछा, “आप कहां से हैं?” इस पर सोहेल ने शालीनता से जवाब दिया, “मैं भारत से हूं और मेरा नाम सोहेल है।” इसके बाद आरोपी ने पूछा, “क्या आप मुस्लिम हैं?” सोहेल ने जैसे ही ‘हां’ में जवाब दिया, आरोपी ने उससे पानी की एक बोतल मांगी। सोहेल जैसे ही पानी लेने के लिए मुड़ा, लार्सन ने अपनी जेब से चाकू निकाला और उस पर एक के बाद एक कई वार कर दिए।
गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर पीड़ित, नहीं है कोई हेल्थ इंश्योरेंस
इस बर्बर हमले में भारतीय मूल के सोहेल बुरी तरह घायल हो गए हैं। उनकी दोस्त लूना नुनेज ने बताया कि सोहेल एक समर्पित पति और पिता हैं, जो अपने परिवार का पेट पालने के लिए अमेरिका में कड़ी मेहनत कर रहे थे। वह इस भयानक नफरत का शिकार हुए हैं और फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। चाकू के वार से उनके हाथ, दिल और फेफड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचा है, जिसके लिए कई जटिल सर्जरी करनी पड़ रही हैं।
सोहेल की स्थिति को देखते हुए उनकी दोस्त ने मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए एक ‘GoFundMe’ पेज (क्राउडफंडिंग) शुरू कर वित्तीय मदद की अपील की है। उन्होंने बताया कि सोहेल के पास कोई हेल्थ इंश्योरेंस (स्वास्थ्य बीमा) नहीं है, जिसके कारण इमरजेंसी केयर, सर्जरी और आगे की थेरेपी का खर्च उठाना परिवार के बस से बाहर हो गया है। घर के इकलौते कमाने वाले सोहेल के अस्पताल में होने के कारण उनका परिवार इस वक्त गहरे भावनात्मक और आर्थिक संकट से गुजर रहा है।
voice of india