Sunday , 6 September 2026

कानपुर में हाईवोल्टेज ड्रामा: WhatsApp पर प्यार जताता रहा पति, चुपके से रचा रहा था दूसरी शादी; पहली पत्नी ने पुलिस के साथ मारी रेड

कानपुर: शहर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित एक मैरिज लॉन में उस वक्त खुशियों का माहौल अचानक सनसनी में बदल गया, जब जयमाल की तैयारियों के बीच पहली पत्नी पुलिस बल के साथ शादी के मंडप में आ धमकी. रात लगभग 10:30 बजे हुए इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से मैरिज लॉन में मौजूद बारातियों और घरातियों के बीच हड़कंप मच गया. बिना तलाक दिए चोरी-छिपे दूसरी शादी करने पहुंचे दूल्हे की पोल खुलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

व्हाट्सएप पर चैटिंग और मुलाकात… पर दिल में छुपा था फरेब

मिली जानकारी के अनुसार, चमनगंज की रहने वाली पीड़िता का विवाह वर्ष 2022 में जूही लाल कॉलोनी निवासी एक युवक के साथ हुआ था. शादी के बाद वर्ष 2024 में जब विदाई हुई, तो दोनों के बीच घरेलू अनबन और मतभेद शुरू हो गए. विवाद बढ़ने पर मामला कानपुर कोर्ट पहुंचा, जहां फिलहाल मुकदमा विचाराधीन है.

पीड़िता का गंभीर आरोप है कि उसका पति लगातार उसके संपर्क में था. वह रोजाना व्हाट्सएप पर उससे प्यार से बातचीत करता था और अक्सर मिलने भी आता रहता था. इस सब के बावजूद शातिर पति ने अपनी दूसरी शादी की योजना को पूरी तरह से गुप्त रखा और उसे भनक तक नहीं लगने दी.

पड़ोसी के एक फोन से खुला राज, 10 किलोमीटर दूर मंडप में पहुंची पत्नी

शातिर पति की इस साज़िश की पोल दूल्हे के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के जरिए खुली. पड़ोसी से सूचना मिलते ही पीड़िता ने तुरंत अपने ससुराल फोन मिलाकर सच्चाई जाननी चाही, लेकिन परिजनों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और टालमटोल करने लगे.

संदेह गहराने पर पीड़िता तुरंत अपने ससुराल पहुंची और वहां से जानकारी जुटाते हुए सीधे 10 किलोमीटर दूर चकेरी स्थित मैरिज लॉन की ओर निकल पड़ी. जब पीड़िता अपनी बहन और पुलिस टीम के साथ सीधे विवाह स्थल पहुंची, तो वहां रस्में चल रही थीं. अचानक पुलिस को सामने देख दूल्हे के हाथ-पांव फूल गए और उसने मौके से भागने की नाकाम कोशिश की, जिससे पूरे लॉन में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

थाने में घंटों चली बातचीत बेनतीजा, अब कानूनी शिकंजे में आरोपी

घटना के बाद चकेरी पुलिस तुरंत एक्शन में आई और दूल्हे सहित दोनों पक्षों को थाने ले आई. देर रात तक थाने में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते का दौर चलता रहा, लेकिन पीड़िता आरोपी पति को सबक सिखाने की जिद पर अड़ी रही और कोई हल नहीं निकल सका.

मामले की पुष्टि करते हुए चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित पहली पत्नी की लिखित तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी दूल्हे को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है. पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से धोखेबाज पति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

 

Check Also

मुजफ्फरनगर में सनसनी: जन्माष्टमी पर मंदिर गई 14 साल की नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म, मुख्य आरोपी समीर गिरफ्तार, होश आने पर सुनाई आपबीती

मुजफ्फरनगर : जनपद के छपार थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा गांव से एक दिल दहला देने …