
कानपुर। साइबर अपराधियों ने ठगी का ऐसा हाईटेक जाल बिछाया कि कारोबारी के साथ-साथ कंपनी प्रबंधन भी गच्चा खा गया। शातिरों ने दिल्ली की एक प्रतिष्ठित कंपनी की आधिकारिक ईमेल आईडी हैक कर कानपुर स्थित राजस्थान लिकर्स लिमिटेड को एक करोड़ रुपये की चपत लगा दी। चौंकाने वाली बात यह रही कि खाते में बदलाव दिखने पर प्रतिनिधि ने बाकायदा व्हाट्सएप पर दिल्ली की फर्म के निदेशक से पुष्टि भी की थी, इसके बावजूद शातिरों के फर्जी बैंक खाते में एक करोड़ रुपये ट्रांसफर हो गए। जब दिल्ली की फर्म को बकाया रकम नहीं मिली, तब जाकर इस बड़े ऑनलाइन फर्जीवाड़े की परतें खुलीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दिल्ली की फर्म से था व्यापारिक संबंध, ईमेल से होता था लेन-देन
तिलकनगर स्थित राजस्थान लिकर्स लिमिटेड का दिल्ली की केएलए कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ लंबे समय से कारोबारी संबंध है। दोनों कंपनियों के बीच सामान की आपूर्ति, बिलिंग और भुगतान से जुड़े तमाम पत्राचार ईमेल आईडी के माध्यम से ही होते थे। राजस्थान लिकर्स ने दिल्ली की फर्म से माल मंगवाया था, जिसका बकाया भुगतान होना बाकी था। इसी बीच 8 अक्टूबर को अज्ञात साइबर शातिरों ने केएलए कंपनी की आधिकारिक ईमेल आईडी हैक कर ली और वहां से राजस्थान लिकर्स को एक फर्जी मेल भेजा, जिसमें बकाये का तत्काल भुगतान करने का दबाव बनाया गया।
नया खाता देख हुआ शक, व्हाट्सएप पर हुई थी पुष्टि
ईमेल में केएलए कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजीज के नाम पर केनरा बैंक, नई दिल्ली शाखा का खाता नंबर दिया गया था। चूंकि कंपनी पहले किसी अन्य बैंक खाते में भुगतान लेती थी, इसलिए नया बैंक खाता देखकर राजस्थान लिकर्स के अधिकृत प्रतिनिधि आशीष लालवानी सतर्क हो गए। उन्होंने तत्काल केएलए कंपनी के निदेशक अनुराग बिंदल से व्हाट्सएप संदेश भेजकर बैंक खाता बदलने को लेकर पुष्टि की। आरोप है कि निदेशक ने खाता बदलने की सहमति दे दी। हालांकि असलियत यह थी कि कंपनी ने खाता तो बदला था, लेकिन वह केनरा बैंक का नहीं था। इसी गलतफहमी और शातिरों की साजिश के चलते ठगों का फर्जी खाता सिस्टम में अप्रूव हो गया।
भुगतान के बाद उड़ा होश, साइबर थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस जांच में सामने आया कि 3 नवंबर को जब अनुराग बिंदल ने आशीष लालवानी से बकाया भुगतान करने को कहा, तो एक्सिस बैंक के जरिए भुगतान की प्रक्रिया शुरू की गई। राजस्थान लिकर्स के खाते से कुल 3,50,14,872 रुपये पहले अपने डमी खाते में ट्रांसफर किए गए, जहां से विभिन्न वेंडर्स और कंपनियों को भुगतान किया जाना था। इसी प्रक्रिया के तहत हैकर्स द्वारा फर्जी ईमेल में दिए गए केनरा बैंक के खाते में आरटीजीएस के जरिए एक करोड़ रुपये भेज दिए गए। भुगतान पूरा होने पर जब आशीष ने निदेशक से संपर्क साधा, तो उन्होंने खाते में रकम आने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद बैंक से संपर्क करने पर खुलासा हुआ कि ईमेल हैक कर फर्जी बैंक खाता भेजा गया था। ठगी का अहसास होने पर कंपनी ने 6 नवंबर को साइबर क्राइम थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर खातों की ट्रेल खंगालनी शुरू कर दी है।
voice of india