Wednesday , 29 April 2026

बंगाल चुनाव: दूसरे चरण में भारी मतदान, हुगली में खूनी संघर्ष और EVM पर बवाल; जानें हर बड़ी अपडेट….देखें VIDEO 

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत आज 142 सीटों पर लोकतंत्र का महापर्व मनाया जा रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक ही 18.39% वोटिंग दर्ज की गई है। मतदान की प्रक्रिया सुबह 5:30 बजे से ही शुरू हो गई थी, जिसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों के मुकाबले कहीं ज्यादा नजर आ रही है। हालांकि, उत्साह के बीच कई जिलों से हिंसा और झड़प की खबरें भी सामने आ रही हैं।

हुगली में रणक्षेत्र बना मतदान केंद्र: TMC और ISF के बीच जमकर चले लात-घूंसे

हुगली जिले के खानकुल में स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब राजहाटी-1 पंचायत के बूथ नंबर 147 पर ‘नकली पोलिंग एजेंट’ को लेकर विवाद शुरू हुआ। तृणमूल कांग्रेस (TMC) और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) के समर्थकों के बीच देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, नादिया के छपरा इलाके से भी भाजपा एजेंट ने TMC कार्यकर्ताओं पर हमले का गंभीर आरोप लगाया है।

बैरकपुर में EVM खराबी पर फूटा गुस्सा: 4 घंटे तक लाइन में खड़ी महिला हुई बीमार

बैरकपुर के इचापुर में चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। यहां लोग सुबह 6 बजे से लाइन में लगे हैं, लेकिन 10:30 बजे तक उनका नंबर नहीं आया। EVM में तकनीकी खराबी के चलते मतदान की गति बेहद धीमी है। उमस और भूख के कारण लंबी कतारों में खड़ी महिलाएं जमीन पर बैठ गई हैं, जबकि एक युवती की तबीयत बिगड़ने की खबर है। मतदाताओं का कहना है कि “चाहे कितनी भी देर हो जाए, हम अपना वोट डालकर ही घर जाएंगे।”

डायमंड हार्बर में ‘फर्जी वोटर’ रंगे हाथों गिरफ्तार, मानिकतला में नियमों की उड़ी धज्जियां

डायमंड हार्बर के रायनगर में स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक युवक को बूथ कैप्चरिंग और फर्जी वोट डालने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया। आरोपी की पहचान महेशतला निवासी शेख अली हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और भाजपा ने इस मामले में चुनाव आयोग से लिखित शिकायत की है। वहीं, मानिकतला में चुनावी नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। यहां टीएमसी उम्मीदवार श्रेया पांडे के घर के पास बने पोलिंग बूथ के 100 मीटर के दायरे में प्रचार बैनर लगे दिखे, जिसे लेकर विपक्ष ने आपत्ति जताई है।

हावड़ा में हंगामा और 2021 के आंकड़ों का दबाव

हावड़ा के बाली में भी EVM में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर भारी हंगामा हुआ, जिसके बाद CRPF के जवानों ने दो लोगों को हिरासत में लेकर स्थिति को संभाला। बता दें कि इन 142 सीटों पर 2021 में ममता बनर्जी की TMC का दबदबा था, जहां उन्होंने 123 सीटों पर जीत हासिल की थी। पहले चरण में हुए 93% के रिकॉर्ड मतदान के बाद अब सबकी निगाहें 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।

हुगली में TMC और ISF कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई

बारानगर में EVM में खराबी की वजह से वोटिंग रोकी गई

राजरहाट-गोपालपुर सीट के कई पोलिंग बूथ पर EVM खराब हुईं

राजरहाट-गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के पंचनंतला, घोषपारा, केस्टोपुर में और चंदीबेरिया नवजागरण क्लब में EVM में गड़बड़ी की खबर मिली। अब दिक्कतें ठीक हो गई हैं और दोनों बूथों पर वोटिंग फिर से शुरू हो गई है।

ममता बोलीं- भाजपा के ऑब्जर्वर्स ने TMC एजेंटों को टारगेट किया

मुख्यमंत्री और भवानीपुर से TMC उम्मीदवार ममता बनर्जी ने कोलकाता में कहा- हम चाहते हैं कि वोटिंग की प्रक्रिया शांति से हो लेकिन बाहर से बहुत सारे ऑब्जर्वर आए हैं, जो TMC एजेंटों को टारगेट कर रहे हैं। कल रात CRPF ने बिना पुलिस के 70 नंबर वार्ड के पार्षद के घर पर हमला किया। वह उस समय घर पर नहीं थे, सिर्फ उनकी पत्नी और बच्चे वहां पर थे, फिर भी उन्होंने उनके घर में तोड़फोड़ की।

BJP जो भी कहती है, वे वही कर रहे हैं। जरा आस-पास देखिए, हमारे सारे पोस्टर हटा दिए गए हैं। क्या चुनाव ऐसे ही होते हैं? वोटर वोट डालेंगे पुलिस या सुरक्षाबल नहीं। हाल ही में कुछ नए लोग लाए गए हैं और वे जो चाहें कर रहे हैं। वे आतंक फैला रहे हैं।

देखिए हमारे कार्यकर्ता को रात में कैसे पीटा गया। किस तरह की गुंडागर्दी चल रही है? वोटिंग ऐसे नहीं होती। वोटिंग शांति से होती है। लेकिन उन्होंने इसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। इरादा बिल्कुल साफ है कि BJP जबरदस्ती चुनाव में धांधली करना चाहती है। हमारे कार्यकर्ता और लोग मरने को तैयार हैं, लेकिन वे जगह नहीं छोड़ेंगे।

BJP उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल और पोलिंग अधिकारियों के बीच बहस

एंटली सीट से BJP उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल की कोलकाता के एक पोलिंग बूथ पर पोलिंग अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों से बहस हो गई। उनके पोलिंग एजेंट को बूथ का साइज छोटा होने की वजह से बाहर भेज दिया गया। TMC के चुनाव एजेंट भी बहस करने लगे, जिसके बाद दोनों को बाहर भेज दिया गया

अभिषेक बनर्जी बोले- भाजपा को 50 से कम सीटें मिलेंगी

TMC MP अभिषेक बनर्जी ने कहा- भाजपा ने 2021 में कहा था कि हर बार BJP क्लीन स्वीप करेगी। लेकिन जब भी चुनाव के नतीजे आए, तो उल्टा हुआ। इसलिए यह आपकी जिम्मेदारी है कि आप जाकर BJP नेताओं से पूछें कि हर बार जब उन्होंने कुछ भविष्यवाणी की है, तो आखिरकार वह TMC के पक्ष में ही गई है।

अमित शाह ने कहा था कि उन्हें 2021 में 200 सीटें मिलेंगी लेकिन TMC 200 सीटों को पार कर गई। उन्होंने कहा था कि उन्हें लोकसभा में बंगाल में 30 सीटें मिलेंगी, TMC को 29 सीटें मिलीं। इस बार वे 177 कह रहे हैं, इसलिए उनके ट्रैक रिकॉर्ड के हिसाब से वे 50 से नीचे चले जाएंगे।

हावड़ा में EVM में गड़बड़ी के बाद हंगामा

नादिया के छपरा में BJP एजेंट का TMC कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप

नादिया जिले की छपरा विधानसभा सीट के हतरा पंचायत में सुबह करीब 5:30 बजे बदमाशों ने BJP पोलिंग एजेंट मोशर्रफ मीर पर लोहे की रॉड और बंदूकों से हमला कर दिया। बाद में छपरा पुलिस ने उन्हें बचाया और छपरा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनका इलाज चल रहा है और उनके सिर पर छह टांके लगे हैं।

बेलगछिया में BJP नेता मिथुन चक्रवर्ती ने वोट डाला

Check Also

यूपी बना ‘एक्सप्रेसवे प्रदेश’: गंगा एक्सप्रेसवे का आज से आगाज, मेरठ से प्रयागराज का सफर होगा सुपरफास्ट; जानें टोल रेट और रफ्तार

लखनऊ/मेरठ: उत्तर प्रदेश के विकास की रफ्तार को आज पंख लग गए हैं। सूबे के …