Monday , 21 September 2026

वाराणसी में दिल दहला देने वाली वारदात: VDA कॉलोनी में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, कमरे में मिला खून से लथपथ शव

वाराणसी। धर्मनगरी वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित बजरडीहा VDA कॉलोनी में मंगलवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में खून से सना शव उसके ही कमरे में मिला। धारदार हथियार से गोदकर बेरहमी से की गई इस हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और आनन-फानन में उच्चाधिकारी पुलिस बल व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

तड़के 3 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मिली सूचना

मृतक की पहचान दीपांशु राय के रूप में हुई है, जो बजरडीहा स्थित VDA कॉलोनी के एक कमरे में अपने दोस्त के साथ रहता था। मंगलवार तड़के लगभग 3:00 बजे यूपी 112 (पुलिस कंट्रोल रूम) पर सूचना मिली कि कमरे के भीतर दीपांशु मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना प्रभारी और स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर का नजारा देखते ही पुलिस के होश उड़ गए, जहां चारों तरफ खून बिखरा हुआ था और दीपांशु का रक्तरंजित शव पड़ा था।

दोस्त के साथ रहता था मृतक, पुलिस ने हिरासत में लिया

प्रारंभिक छानबीन में सामने आया है कि दीपांशु राय अपने मित्र खुश पांडेय के साथ उसी कमरे में रहता था। देर रात किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद किसी धारदार हथियार या चाकू से वार कर दीपांशु की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के समय और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने कमरे में साथ रह रहे दोस्त खुश पांडेय को हिरासत में ले लिया है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग, जांच में जुटी पुलिस

वारदात की जानकारी मिलते ही भेलूपुर एसीपी और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और खून के नमूने समेत कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों और समय का पता लगाया जा सके।

एसीपी भेलूपुर का बयान

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी भेलूपुर ने बताया कि बजरडीहा VDA कॉलोनी में दीपांशु राय और खुश पांडेय एक साथ किराए पर रहते थे। रात 3 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो दीपांशु का शव कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला। उन्होंने बताया कि मृतक के दोस्त खुश पांडेय को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही हत्या की पूरी वजह साफ हो जाएगी।

Check Also

लखनऊ में मोबाइल ईएमआई वसूली का खौफनाक खेल: युवक का अपहरण कर जबरन बेचा खून, 25 हजार का इनामी रिकवरी एजेंट दबोचा गया

लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से मोबाइल की ईएमआई न चुका …