Wednesday , 15 July 2026

महोबा में रूह कंपा देने वाली वारदात: युवक पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर काटे दोनों हाथ, पेट्रोल पंप के सामने अचानक घेरा, बैक-टू-बैक किए कई वार

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कानपुर-सागर हाईवे पर समद नगर इलाके में एक 28 वर्षीय युवक पर कुल्हाड़ी से सरेआम ताबड़तोड़ वार कर उसके दोनों हाथ काट दिए गए। बर्बरता की हदें पार करते हुए हमलावरों ने उसके पैरों को भी लहूलुहान कर दिया। इस रूह कंपा देने वाले खूनी खेल का आरोप सत्ताधारी दल बीजेपी के नेता शिवप्रताप सिंह परमार और उसके सहयोगियों पर लगा है। फिलहाल पीड़ित की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

यह सनसनीखेज वारदात महोबा शहर कोतवाली इलाके में मंगलवार रात को हुई, जिसने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हमलावरों ने चंदेल पेट्रोल पंप के ठीक सामने समदनगर मोहल्ले के निवासी जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की को अचानक चारों तरफ से घेर लिया। विक्की जब तक संभल पाता या वहां से भागने की कोशिश करता, तब तक हमलावरों ने कुल्हाड़ी से उस पर बैक-टू-बैक कई जानलेवा हमले कर दिए। हमला इतना बेरहम था कि विक्की के दोनों हाथ कलाई से लगभग कटकर अलग हो गए, पैर पर गहरा जख्म हो गया और सिर पर भी गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।

कटे हाथों को कपड़े से बांधती रही मां, तड़पते हुए हायर सेंटर रेफर

खून से लथपथ युवक सड़क पर पड़ा तड़प रहा था, जिसे देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही विक्की की मां बदहवास हालत में मौके पर पहुंचीं। मौके का मंजर इतना खौफनाक था कि मां अपने लाडले के कटे हुए हाथों को कपड़े से लपेटकर खून रोकने की नाकाम कोशिश करती रही। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने विक्की को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो दिया, लेकिन हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने अस्पताल में ही पीड़ित का शुरुआती बयान दर्ज कर लिया है।

सत्ता के रसूख में वारदात को अंजाम देने का आरोप, इलाके में तनाव

इस मामले में बीजेपी नेता का नाम सामने आने के बाद से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है और समदनगर इलाके में तनाव का माहौल है। घायल विक्की के पिता राजा बाबू सिंह और भाई आलोक सिंह ने साफ तौर पर अपने ही मोहल्ले के रहने वाले बीजेपी नेता शिवप्रताप सिंह परमार और उसके साथियों को इस हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों के मुताबिक, विक्की सिर्फ पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने गया था, तभी उस पर घात लगाकर हमला किया गया। भाई आलोक ने बताया कि आरोपी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, बल्कि सत्ता के रसूख के नशे में चूर होकर इस खूनी खेल को अंजाम दिया गया है। जिला अस्पताल के डॉक्टर शिशुपाल ने पुष्टि की है कि युवक के दोनों हाथ लगभग कट चुके थे, जिन्हें सपोर्ट देकर बांधा गया है।

मुख्य आरोपी हिरासत में, मामले की जांच के लिए टीमें गठित

वारदात के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया है। एएसपी वंदना सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीआरवी के माध्यम से कोतवाली नगर क्षेत्र के समदनगर में पेट्रोल पंप के पास मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल विक्की ठाकुर (निवासी सुभाष नगर) को अस्पताल भिजवाया। उन्होंने बताया कि इस घटना में एक पूर्व परिचित व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई है, जिसे हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है।

 

Check Also

NEET UG 2026: नीट रिजल्ट से पहले मेडिकल छात्रों को बड़ा तोहफा, MBBS की सीटों में बंपर बढ़ोतरी; जानें कब आएगा परिणाम

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) UG 2026 …