
हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे संदिग्ध काले कारोबार पर प्रशासन का बड़ा चाबुक चला है। सेक्टर-90 स्थित चर्चित सफायर 90 मॉल में संचालित 18 स्पा सेंटरों पर शुक्रवार रात गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग की संयुक्त टीम ने बड़ा छापा मारा। रात करीब 10 बजे शुरू हुआ यह सघन तलाशी अभियान तड़के 3 बजे तक, यानी करीब पांच घंटे तक लगातार जारी रहा। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई में लगभग 100 पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे, जिनमें 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी शामिल थे।
8 स्पा सेंटरों में मिलीं संदिग्ध गतिविधियां, डिजिटल साक्ष्य जब्त
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मॉल के भीतर चल रहे कुल 18 स्पा सेंटरों की बारीकी से जांच की गई, जिनमें से आठ स्पा सेंटरों में प्रथम दृष्टया गैर-कानूनी और संदिग्ध देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियों के पुख्ता प्रमाण मिले हैं। संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, मोबाइल फोन, कंप्यूटर, डिजिटल रिकॉर्ड्स के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण भौतिक और दस्तावेजी साक्ष्य अपने कब्जे में ले लिए हैं। जांच एजेंसियां अब इन स्पा सेंटरों के मुख्य मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और उनके सिंडिकेट से जुड़े सहयोगियों की कुंडली खंगालने में जुट गई हैं।
30 युवतियां और 20 पुरुष मिले, तस्करी के एंगल से भी पूछताछ
सर्च ऑपरेशन के दौरान अलग-अलग स्पा सेंटरों से लगभग 30 महिलाएं और 20 पुरुष संदिग्ध अवस्था में मौके पर पाए गए। पुलिस और महिला आयोग की टीम मौके पर मौजूद महिलाओं से अलग-अलग काउंसलिंग और पूछताछ कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उन्हें किसी मजबूरी, जबरन दबाव या मानव तस्करी के तहत तो इस धंधे में नहीं धकेला गया था। इसके साथ ही मौके पर पकड़े गए 20 पुरुषों से भी उनकी संलिप्तता और भूमिका को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
महिला आयोग अध्यक्ष और विशेष पुलिस अधिकारी की निगरानी में एक्शन
यह पूरा अभियान बेहद गोपनीय और कड़े सुरक्षा घेरे में संचालित किया गया। मौके पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी अपनी पूरी टीम और नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ मौजूद रहीं। इस संयुक्त कार्रवाई की कमान एसीपी मुख्यालय-I अभिलक्ष जोशी (HPS) ने संभाली, जो अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 (PITA) के तहत विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में अधिकृत हैं। पुलिस का कहना है कि जब्त डिजिटल डेटा और बयानों के आधार पर संबंधित संचालकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
voice of india