Monday , 20 April 2026

बलिया में काल बनी किराना स्टोर की आग: धुएं के गुबार में दम घुटने से मां-बेटे की तड़पकर मौत, पिता ने छत से कूदकर बचाई जान

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर-माटी रोड पर स्थित एक किराना स्टोर में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां राख कर दीं। दुकान के ऊपरी हिस्से में सो रही मां और उसके महज 4 साल के मासूम बेटे की धुएं के कारण दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, परिवार के मुखिया ने तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान तो बचा ली, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

तड़के 3:30 बजे मची चीख-पुकार: नींद में ही आगोश में ले लिया काल ने

जानकारी के मुताबिक, चिलकहर मटही रोड पर नीरज चौरसिया का अपना किराना स्टोर और उसी के ऊपर रिहाइशी मकान है। सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे दुकान के भीतर अज्ञात कारणों से आग धधक उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत काले धुएं के गुबार से भर गई। घर के भीतर सो रहे नीरज चौरसिया, उनकी पत्नी रिंकी देवी और पुत्र धीरज को संभलने का मौका तक नहीं मिला। धुएं की सघनता इतनी ज्यादा थी कि मां-बेटे कमरे से बाहर नहीं निकल सके और दम घुटने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पिता ने मौत को मात देने के लिए लगाई छलांग

मकान के भीतर आग की लपटें और धुआं बढ़ता देख नीरज चौरसिया ने जान बचाने के लिए छत से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण नीरज गंभीर रूप से चोटिल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक (SP) ओमवीर सिंह और कई थानों की फोर्स ने बचाव कार्य शुरू कराया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक रिंकी और मासूम धीरज की सांसें थम चुकी थीं।

लाखों का सामान खाक, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम

इस भीषण अग्निकांड में किराना स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घायल नीरज चौरसिया का इलाज अस्पताल में जारी है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। मामले की तह तक जाने के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है।

Check Also

लखीमपुर खीरी में दिल दहला देने वाली वारदात: माता-पिता के सामने 4 साल के मासूम को उठा ले गया तेंदुआ, झाड़ियों में मिला क्षत-विक्षत शव

लखीमपुर खीरी (सिंगाही): उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने …