Saturday , 25 April 2026

Gorakhpur Amrish Srivastava Suicide: फॉर्च्यूनर से फार्महाउस पहुंचे, आखिरी कॉल और फिर मुंह में सटा ली पिस्टल; गोरखपुर के दिग्गज कारोबारी ने दी जान

गोरखपुर। शहर के रसूखदार और हाईप्रोफाइल ‘गोरखपुर क्लब’ के संचालक अतुल श्रीवास्तव के परिवार से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। उनके 40 वर्षीय बेटे और शहर के बड़े कारोबारी अमरीश श्रीवास्तव ने शुक्रवार को कुस्मी जंगल स्थित अपने फार्म हाउस पर अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से मुंह में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से ही शहर के व्यापारिक और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अब इस हाईप्रोफाइल सुसाइड मिस्ट्री को सुलझाने में जुटी है।

फार्म हाउस की ऊपरी मंजिल पर बात करते-करते चली गोली

जानकारी के मुताबिक, अमरीश श्रीवास्तव शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पार्क रोड स्थित अपने आवास से निकले थे। वह कुस्मी जंगल के पास स्थित अपने फार्म हाउस पहुंचे, जहां वह काफी समय तक मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह ऊपरी मंजिल पर टहलते हुए फोन पर बात कर रहे थे, तभी अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। जब तक कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तब तक अमरीश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर चुके थे। उनके हाथ में उनकी ही लाइसेंसी पिस्टल थी और गोली सीधे मुंह में लगी थी।

एसएसपी और फॉरेंसिक टीम ने संभाली जांच की कमान

इतने बड़े कारोबारी की मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी डॉ. कौष्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील तत्काल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है। पुलिस फिलहाल फार्म हाउस के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और अमरीश के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स (CDR) को भी खंगाला जा रहा है ताकि आत्महत्या की असल वजह का पता लगाया जा सके।

VVIP आयोजनों की शान थे अमरीश, मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में सजता था टेंट

अमरीश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बड़े ठेकेदारों और कारोबारियों में शुमार थे। उनकी कंपनी ‘एके टेंट हाउस’ का शहर में दबदबा था। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर में होने वाले अधिकांश कार्यक्रमों और अन्य VVIP आयोजनों में इन्हीं की कंपनी का शामियाना लगाया जाता था। इसके अलावा तारामंडल रोड पर उनका ‘FIVE SENSES’ नाम से एक आलीशान होटल, रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल भी है। अमरीश के पिता अतुल श्रीवास्तव गोरखपुर क्लब के संचालक होने के साथ-साथ शहर की प्रतिष्ठित हस्तियों में गिने जाते हैं।

हंसता-खेलता परिवार और भरा-पूरा बिजनेस, फिर क्यों उठाया ये कदम?

अमरीश की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। साल 2012 में उनकी शादी दीपाली श्रीवास्तव से हुई थी और उनके दो छोटे बेटे (10 साल और 8 साल) हैं। उनके पास नाम, शोहरत और दौलत सब कुछ था, ऐसे में उन्होंने सुसाइड जैसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, यह हर किसी की समझ से परे है। फिलहाल पार्क रोड स्थित उनके आवास पर शुभचिंतकों और रिश्तेदारों का तांता लगा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू पर जांच कर रहे हैं और जल्द ही मौत की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।

Check Also

मामूली सी कहासुनी और खौफनाक अंजाम :  सनकी पिता ने पहले 3 साल के मासूम का रेत दिया गला, फिर खुद के गले में डाल लिया फंदा

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने …