
बिल्हौर (कानपुर) । प्यार में धोखा और शादी से इनकार मिलने पर एक युवती का सब्र का बांध बीच सड़क पर टूट गया। गुरुवार शाम बिल्हौर कस्बे में अपने प्रेमी का ट्रक गुजरता देख युवती जान की परवाह किए बिना सीधे वाहन के सामने जा खड़ी हुई और जमकर हंगामा किया। वह ट्रक चालक प्रेमी को नीचे उतारकर तत्काल शादी करने की जिद पर अड़ गई, जिससे मुख्य मार्ग पर काफी देर तक अफरातफरी और जाम की स्थिति बनी रही।
बुआ को छोड़ने आई थी भतीजी, अचानक सामने आ गया प्रेमी का ट्रक इस पूरे घटनाक्रम के दौरान युवती के साथ मौजूद उसकी बुआ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वह भाईदूज के त्योहार पर अपने मायके आई हुई थीं। गुरुवार को जब वह वापस अपने घर लौट रही थीं, तो भतीजी उन्हें छोड़ने के लिए कस्बे तक आई थी। इसी बीच सड़क से गुजरते हुए एक ट्रक पर युवती की नजर पड़ी, जिसे पहचानते ही वह उसे रोकने की कोशिश करने लगी। बिल्हौर तहसील भवन के ठीक सामने स्थिति बेकाबू होते देख बुआ ने भतीजी को समझाने और वहां से हटाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद से टस से मस होने को तैयार नहीं थी।
सड़क पर लगा राहगीरों का जमावड़ा, मौका पाकर फरार हुआ चालक युवती को ट्रक के आगे से न हटता देख उसकी बुआ ने पास खड़ी एक अन्य महिला की सहायता ली और दोनों ने मिलकर किसी तरह युवती को पकड़कर वाहन के सामने से किनारे किया। हालांकि, जैसे ही रास्ता साफ हुआ और चालक ने ट्रक आगे बढ़ाया, युवती खुद को छुड़ाकर दोबारा ट्रक के पीछे दौड़ पड़ी। सड़क के बीचोंबीच युवती की जिद और परिजनों द्वारा उसे काबू करने की जद्दोजहद को देखने के लिए मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके कारण यातायात व्यवस्था भी बाधित हुई। युवती लगातार चिल्लाते हुए चालक को गाड़ी रोकने और नीचे उतरने के लिए कहती रही, लेकिन युवक भीड़ और हंगामे का फायदा उठाकर तेज रफ्तार में ट्रक लेकर वहां से निकल गया।
महीनों से बंद थी बातचीत, शादी से मुकरने पर नाराज थी युवती युवती की बुआ के अनुसार, उनकी भतीजी का बिल्हौर थाना क्षेत्र के ही एक अन्य गांव के रहने वाले इस ट्रक चालक के साथ लंबे समय से फोन पर संपर्क था और दोनों के बीच गहरा प्रेम प्रसंग चल रहा था। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कुछ महीने पहले युवक ने अचानक शादी करने से साफ मना कर दिया और युवती से फोन पर बातचीत भी पूरी तरह बंद कर दी थी। इसी बेरुखी और वादाखिलाफी से नाराज युवती ने गुरुवार को प्रेमी को सामने देखते ही सड़क पर अपने इरादे जाहिर कर दिए।
voice of india