Sunday , 22 November 2026

यूपी में नकली दवाओं के काले कारोबार पर एफएसडीए का बड़ा प्रहार: 7.57 करोड़ की नकली दवाएं सीज, लखनऊ में 9 समेत कुल 24 एफआईआर; 4 राज्यों तक फैला था नेटवर्क

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पूरे प्रदेश में चलाए गए इस सघन अभियान के तहत विभाग ने अब तक 7.57 करोड़ रुपये मूल्य की नकली और संदिग्ध दवाएं जब्त की हैं। इस मामले में राज्यभर में कुल 24 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं, जिनमें अकेले राजधानी लखनऊ में नौ मुकदमे दर्ज हुए हैं। कार्रवाई की जद में आए कुल 45 औषधि फर्मों और 90 लोगों को नामजद किया गया है। शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरोह के सदस्य नामचीन फार्मा कंपनियों के लोकप्रिय ब्रांडों की हूबहू पैकिंग और लेबल की नकल कर बाजार में नकली दवाएं खपा रहे थे।

अमरोहा और मुरादाबाद जिलों में एक ही नाम व साझेदारी के तहत संचालित हो रही आठ औषधि फर्मों के लाइसेंस का दुरुपयोग फर्जी बिलिंग, नकली दवाओं के अवैध भंडारण और वितरण के लिए किया जा रहा था। इस सिंडिकेट पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों रविंदर, शिवम और आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा विभाग की तहरीर पर अमित कुमार, आसिफ, वासिफ समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ भी नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।

एक दवा के नमूने की जांच से खुली पूरे सिंडिकेट की पोल

नकली दवाओं के इस विशाल नेटवर्क का भंडाफोड़ एक रूटीन सैंपलिंग के जरिए हुआ। दरअसल, 12 जून 2026 को अमरोहा के चौधरपुर स्थित आरबी मेडिकल स्टोर से ‘मोक्सीफीट-सीवी 625’ टैबलेट का नमूना जांच के लिए लिया गया था। जब राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ में इस सैंपल की जांच हुई, तो बैच नंबर TB250343C की यह दवा पूरी तरह नकली पाई गई। संबंधित दवा के वास्तविक निर्माता और मार्केटर ने भी इस बैच के नकली होने की पुष्टि की। इसके बाद जब विभाग ने कड़ियां जोड़नी शुरू कीं, तो मुरादाबाद की जेडआर मेडिकल और अमरोहा-मुरादाबाद की एरिबा फार्मास्युटिकल्स समेत कई अन्य फर्मों के जरिए संचालित हो रहे इस काले कारोबार का पर्दाफाश हो गया।

30 से ज्यादा नामी ब्रांडों की पैकिंग की जा रही थी नकल

छापेमारी और जांच के दौरान सामने आया कि जालसाज आम मरीजों द्वारा रोजमर्रा में इस्तेमाल की जाने वाली 30 से अधिक मशहूर दवाओं की पैकिंग और लेबल की नकल कर रहे थे। इनमें ग्लेनमार्क की टेल्मा, एबॉट की केनोकॉर्ट, एरिस्टो की पैनटॉप-40, एल्केम की क्लैवम और पैन-डी, ग्लैक्सो की ऑगमेंटिन-625, मैनकाइंड की गुडसेफ, डॉ. रेड्डीज की राजो-डी, सन फार्मा की रोसुवास और इंटास की लेवेरा-500 जैसे बड़े ब्रांड शामिल हैं। नकली तैयार की जा रही इन दवाओं में जीवनरक्षक एंटीबायोटिक, दर्द निवारक और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज में काम आने वाली दवाएं शामिल थीं।

यूपी समेत चार राज्यों तक फैला था अवैध निर्माण का जाल

एफएसडीए की इस कार्रवाई में नकली दवाओं के तार उत्तर प्रदेश के अलावा तीन अन्य राज्यों से भी जुड़े मिले हैं। जांच टीमों ने यूपी के सहारनपुर जिले के देवबंद के साथ-साथ उत्तराखंड के देहरादून में दो, मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक और हिमाचल प्रदेश के सोलन में दो अवैध निर्माण इकाइयों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस तरह कुल चार राज्यों में नकली दवाएं बनाने वाली अवैध फैक्ट्रियों का पता चला है।

जनपदवार दर्ज मुकदमों की बात करें तो आगरा और लखनऊ में सबसे ज्यादा नौ-नौ, वाराणसी में दो तथा सहारनपुर, गोंडा, मेरठ और रायबरेली में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है। कई मामलों में कुछ शातिर आरोपियों के नाम एक से अधिक मुकदमों में भी सामने आए हैं। अब विभाग नकली दवाओं के मुख्य निर्माण स्रोत, पैकिंग, फर्जी बिलिंग और पूरी सप्लाई चेन से जुड़े अन्य चेहरों की तलाश कर रहा है। साथ ही, इस गोरखधंधे में लिप्त विक्रेताओं के औषधि लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : डॉ. रोशन जैकब

यूपीएफएसडीए की सचिव एवं आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने इस कार्रवाई पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता राज्य के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और प्रभावी दवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नकली दवाओं का कारोबार सीधे तौर पर मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डॉ. जैकब के मुताबिक, विभाग का लक्ष्य केवल दवाओं की जब्ती और कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्माण स्रोत से लेकर सप्लाई चेन की अंतिम कड़ी तक पहुंचकर इस पूरे अवैध नेटवर्क को जड़ से समाप्त करना है।

 

Check Also

PUC Certificate New Rules 2026: कार और बाइक मालिकों को बड़ी राहत, अब नई BS6 गाड़ियों का 3 साल में एक बार बनेगा पॉल्यूशन सर्टिफिकेट; जानें पुराने वाहनों के लिए क्या बदला

नई दिल्ली । देशभर के करोड़ों कार और बाइक मालिकों के लिए केंद्र सरकार ने …