Saturday , 25 April 2026

दोस्ती, नशा और फिर दरिंदगी : फेसबुक फ्रेंड ने होटल बुलाकर किया गैंगरेप, अश्लील वीडियो बना दी जान से मारने की धमकी; CCTV में दिखा चौंकाने वाला सच

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके विभूतिखंड से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। प्रयागराज की रहने वाली एक महिला ने अपने फेसबुक फ्रेंड और उसके साथियों पर सामूहिक दुष्कर्म, बंधक बनाकर मारपीट करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी भूपेंद्र सिंह तोमर उर्फ आदित्य उर्फ मोनू समेत सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

दोस्ती, नशा और फिर दरिंदगी

पीड़िता के मुताबिक, उसकी दोस्ती भूपेंद्र से फेसबुक के जरिए हुई थी। आरोपी ने उसे बातों के जाल में फंसाया और मिलने के बहाने लखनऊ बुलाया। लखनऊ पहुंचने पर उसे विभूतिखंड स्थित एक होटल के कमरे में ठहराया गया। महिला का आरोप है कि वहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया गया, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस घिनौनी हरकत का वीडियो भी बना लिया।

बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग

आरोप है कि जब महिला को होश आया और उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे कमरे में बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का दावा है कि बाद में भूपेंद्र के अन्य साथी भी वहां पहुंचे और उन सबने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार डराते-धमकाते रहे। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर महिला ने पुलिस के पास पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा चौंकाने वाला सच

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जब होटल के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तो मामला थोड़ा पेचीदा नजर आया। एसीपी विभूतिखंड विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि 19 अप्रैल के फुटेज में महिला और मुख्य आरोपी होटल में सामान्य तरीके से प्रवेश करते दिख रहे हैं। प्रवेश के समय महिला के चेहरे पर न तो कोई शिकन थी और न ही किसी तरह की जबरदस्ती के संकेत मिले हैं।

पुलिस की जांच तेज, आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी महिला को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पुलिस अब सभी वैज्ञानिक साक्ष्यों और बयानों के आधार पर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। एसीपी के अनुसार, “आरोपों की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

Check Also

मामूली सी कहासुनी और खौफनाक अंजाम :  सनकी पिता ने पहले 3 साल के मासूम का रेत दिया गला, फिर खुद के गले में डाल लिया फंदा

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने …