Sunday , 12 July 2026

पिस्तौल की बल पर SC महिला का जबरन धर्म परिवर्तन! मुरादाबाद में धोखे से घर बुलाकर बनाया बंधक, आरोपी सुल्तान और पत्नी गिरफ्तार

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मझोला क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अनुसूचित जाति (SC) की महिला को धोखे से घर बुलाकर पिस्तौल की नोक पर जबरन उसका धर्म परिवर्तन करवा दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि उस पर निकाह करने का भारी दबाव बनाया गया और कई दिनों तक बंधक रखकर प्रताड़ित किया गया। पीड़िता की तहरीर पर त्वरित एक्शन लेते हुए मझोला पुलिस ने मुख्य आरोपी सुल्तान सलाउद्दीन और उसकी पत्नी मेहनाज बेगम को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात 6 फरवरी 2026 की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस आपराधिक कांड में शामिल दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस घटना में नामजद अन्य आरोपियों, जिनमें एक मौलवी और दो अज्ञात लोग शामिल हैं, की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का साफ कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

विश्वास का खून: 3 साल की दोस्ती का फायदा उठाकर जाल में फंसाया

दर्ज कराई गई एफआईआर (FIR) में पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि मझोला इलाके के पीर का बाजार (जयन्तीपुर) निवासी सुल्तान सलाउद्दीन और उसकी पत्नी मेहनाज बेगम से उसके पिछले 3 सालों से अच्छे पारिवारिक संबंध थे। दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था और वे मिलजुल कर त्योहार भी मनाते थे। आरोप है कि सुल्तान सलाउद्दीन पीड़िता पर काफी समय से बुरी नियत रखता था। बीते 6 फरवरी 2026 को मेहनाज बेगम ने पीड़िता को विश्वास में लेकर बहाने से अपने घर बुलाया, जहां पहले से ही सलाउद्दीन, एक मौलवी और दो अज्ञात लोग घात लगाए बैठे थे। महिला के पहुंचते ही आरोपियों ने उसे जबरन बंधक बना लिया और पिस्तौल तान दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर मौलवी के जरिए जबरन कलमा पढ़वाकर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया गया।

जातिसूचक गालियां, छेड़खानी और निकाह का दबाव

जब दरिंदों ने पीड़िता पर निकाह करने का दबाव बनाया, तो उसने इसका पूरी ताकत से विरोध किया। विरोध करने पर बौखलाए आरोपियों ने महिला को जातिसूचक शब्द बोलते हुए गंदी-गंदी गालियां दीं और बात न मानने पर सीधे मौत के घाट उतारने की धमकी दे डाली। महिला को कई दिनों तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया, जहां मुख्य आरोपी सलाउद्दीन ने उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़खानी की। किसी तरह उनके चंगुल से जान बचाकर निकली पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि सलाउद्दीन एक शातिर और आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ बदायूं जिले में पहले से ही हत्या के प्रयास (307 IPC) और SC/ST एक्ट का मुकदमा चल रहा है।

BNS और SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज, मौलवी की तलाश तेज

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नगर (SP City) कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि थाना मझोला में प्रकाश नगर की रहने वाली पीड़िता द्वारा एक प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसमें सुल्तान सलाउद्दीन और उसकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(2), 61(2), 352, 351(3), 74 सहित उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धारा 3/5(1) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम (SC/ST Act) के तहत भारी धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस ने दोनों मुख्य नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल मौलवी और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें जल्द दबोचने के लिए टीमें लगा दी गई हैं।

 

Check Also

कानपुर के होटल में प्रेमी युगल ने खाया सल्फास, शादीशुदा जिंदगी के बीच पनपी अधूरी मोहब्बत का खौफनाक अंत…4 घंटे बाद कमरे से आई चीखें

 कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने …