Saturday , 25 July 2026

खीरी में ‘नाक’ की लड़ाई: मायके जाने के विवाद में पति ने चबाई पत्नी की नाक, भड़की सास ने दामाद की बहन की नाक दांतों से काटी

निघासन खीरी (उत्तर प्रदेश)। लखीमपुर खीरी जिले के पढ़ुआ थाना क्षेत्र से एक बेहद अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। यहां ढखेरवा गांव में मायके जाने की जिद को लेकर पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ मामूली झगड़ा कुछ ही देर में इस कदर हिंसक हो गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की ‘नाक’ को ही निशाना बना डाला। आरोप है कि पहले गुस्से से तमतमाए पति ने अपनी पत्नी की नाक दांतों से काट ली। इसके बाद जब बेटी की हालत देख मायके वाले पहुंचे, तो दोनों पक्षों में लात-घूंसे चल गए। इसी बीच, गुस्साई सास ने बदला लेने के लिए अपने दामाद की सगी बहन की नाक को दांतों से बुरी तरह चबा डाला। इस दोतरफा ‘नाक कांड’ से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

शादी में जाने की जिद पर शुरू हुआ था हाई-वोल्टेज ड्रामा

यह पूरी घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, ढखेरवा गांव के रहने वाले रामलखन कश्यप के बड़े बेटे श्रवण की शादी करीब चार साल पहले चचरापुरवा गांव के बनवारी लाल की बेटी प्रीति (30 वर्ष) के साथ हुई थी। शनिवार को प्रीति ने अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए मायके जाने की इच्छा जताई। लेकिन पति श्रवण ने उसे मायके जाने से साफ मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई।

गुस्से में आगबबूला पति ने पत्नी को किया लहुलूहान

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, विवाद जब चरम पर पहुंच गया तो श्रवण ने अपना आपा खो दिया। उसने प्रीति को दबोच लिया और उसके चेहरे पर हमला करते हुए उसकी नाक को अपने दांतों से काट लिया। नाक कटने से प्रीति लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। उसने किसी तरह हिम्मत जुटाकर तुरंत अपने मायके फोन किया और आपबीती सुनाई। बेटी पर हुए इस बर्बर हमले की खबर सुनते ही चचरापुरवा से उसके पिता बनवारी लाल और मां श्रीदेवी आनन-फानन में अन्य रिश्तेदारों के साथ बेटी की ससुराल ढखेरवा पहुंच गए।

बेटी की हालत देख खौला सास का खून, ननद पर उतारा गुस्सा

मायके पक्ष के लोग जब श्रवण के घर पहुंचे, तो वहां माहौल और ज्यादा गर्म हो गया। दोनों तरफ के लोग आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर मारपीट होने लगी। इसी अफरा-तफरी के बीच, घायल प्रीति की मां श्रीदेवी ने अपनी बेटी का बदला लेने के लिए दामाद श्रवण की बहन मोनी को पकड़ लिया। श्रीदेवी ने गुस्से में आकर मोनी की नाक पर अपने दांतों से गहरा वार कर दिया और उसकी नाक का हिस्सा चबा डाला। दोनों तरफ से महिलाओं की नाक काटे जाने के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और मौके पर ग्रामीणों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया।

अस्पताल से लेकर थाने तक पहुंचा दोनों पक्षों का ड्रामा

घटना के बाद दोनों घायल महिलाओं (भाभी प्रीति और ननद मोनी) को उनके परिजन आनन-फानन में रमियाबेहड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए। डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक उपचार कर पट्टी बांधी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई। अस्पताल से सीधे दोनों पक्ष पढ़ुआ थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित तहरीर दी।

पुलिस का बयान: जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई

इस अनोखे और हिंसक मामले पर पढ़ुआ थानाध्यक्ष मोहित पुंडीर ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस को लिखित शिकायत (तहरीर) मिल चुकी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। दोनों महिलाओं का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर दोषियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Check Also

लखनऊ में 69 हजार शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का जोरदार प्रदर्शन: शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास का किया घेराव, पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद कई हिरासत में

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों …