कैनरी द्वीप (स्पेन): हंटा वायरस (Hantavirus) के संक्रमण की दहशत के बीच डच ध्वज वाले प्रसिद्ध क्रूज शिप एमवी होंडियस (MV Hondius) से राहत भरी खबर आई है। स्पेन के कैनरी द्वीप तट पर जहाज के पहुंचते ही प्रशासन ने एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी 150 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इस रेस्क्यू में सबसे सुखद बात यह रही कि जहाज पर सवार दो भारतीय क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनमें संक्रमण का कोई भी लक्षण नहीं पाया गया है।
स्पेनिश मिलिट्री का कड़ा पहरा: ग्रानाडिला बंदरगाह पर चला ‘रेस्क्यू मिशन’
रविवार को जब यह जहाज तट पर लगा, तो स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट और सिविल गार्ड ने मोर्चा संभाल लिया। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के कड़े प्रोटोकॉल का पालन करते हुए यात्रियों को ग्रानाडिला बंदरगाह से विशेष बसों के जरिए सीधे टेनेरिफ दक्षिण हवाई अड्डे के रनवे तक ले जाया गया। यात्रियों को आम जनता के संपर्क में आने से बचाने के लिए पूरे रास्ते को सील कर दिया गया था।
भारतीय दूतावास सक्रिय: नीदरलैंड भेजे गए दोनों भारतीय नागरिक
स्पेन में भारतीय राजदूत लगातार स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों और राष्ट्रीय आपातकालीन निगरानी केंद्र के संपर्क में हैं। दूतावास ने पुष्टि की है कि दोनों भारतीय नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मानकों के तहत क्वारंटाइन और आगे की जांच के लिए नीदरलैंड भेज दिया गया है। वहां की सरकार उनकी स्वास्थ्य रिपोर्ट की निगरानी करेगी। भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दूतावास 24 घंटे स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
कोविड-19 जैसी गंभीर स्थिति नहीं: WHO ने दी बड़ी राहत
हंटा वायरस को लेकर दुनियाभर में फैल रही अफवाहों और आशंकाओं के बीच WHO के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कैनरी द्वीप के निवासियों को लिखे पत्र में कहा, “यह स्थिति कोविड-19 जैसी गंभीर कतई नहीं है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरा फिलहाल बहुत कम है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। विशेषज्ञ और जरूरी मेडिकल सप्लाई पहले से ही जहाज पर मौजूद हैं।
नीदरलैंड की ‘स्वीप फ्लाइट’ और अगले कदम
रेस्क्यू के बाद स्पेनिश यात्रियों को मैड्रिड भेज दिया गया है, जबकि अन्य देशों के यात्रियों के लिए नीदरलैंड सरकार एक ‘स्वीप फ्लाइट’ (Sweep Flight) की व्यवस्था कर रही है। यह विशेष विमान उन लोगों को उनके देश पहुंचाएगा जिन्हें अभी तक उनके अपने देशों ने वापस नहीं बुलाया है। फिलहाल, सुरक्षा कारणों से प्रभावित क्रूज शिप एमवी होंडियस को तट से कुछ दूरी पर समुद्र में ही लंगर डालकर रखा गया है ताकि संक्रमण का प्रसार पूरी तरह रोका जा सके।
voice of india
