
फाइल फोटो
हैदराबाद। ग्लैमर और चमक-धमक वाली यूट्यूब की दुनिया के पीछे छिपा एक दर्दनाक सच एक बार फिर सामने आया है। भाग्यनगर (हैदराबाद) में रहने वाली 21 वर्षीय उभरती हुई यूट्यूबर बोनू कोमाली ने प्यार में मिले धोखे और मानसिक तनाव के चलते मौत को गले लगा लिया। सोमवार रात कोमाली ने अपने फ्लैट में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मौत से ठीक पहले उसने कुवैत में रह रही अपनी माँ को एक भावुक मैसेज भेजा था, जिसे पढ़कर किसी की भी रूह कांप जाए।
आखिरी संदेश: “आई लव यू मम्मी सो मच” और फिर बंद हो गया फोन
घटना सोमवार देर रात की है। कोमाली ने अपनी मां को व्हाट्सएप पर संदेश भेजा, “मम्मी, मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं।” इस मैसेज के तुरंत बाद उसने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया। कुवैत में काम कर रही मां को जब बेटी का यह संदेश मिला, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत हैदराबाद में रहने वाली अपनी सहेली मनसा को फोन कर कोमाली के फ्लैट पर भेजा। जब मनसा वहां पहुंची, तो अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे के भीतर का मंजर देख सबकी आंखें फटी रह गई; कोमाली का शव पंखे से लटका हुआ था।
3 साल का रिश्ता और ब्रेकअप का वो दर्दनाक अंत
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। कोमाली पिछले तीन साल से एक 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ रिलेशनशिप में थी, जो खुद भी एक यूट्यूबर है। बताया जा रहा है कि हाल ही में दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया था। इस अलगाव ने कोमाली को बुरी तरह तोड़ दिया था। वह पिछले 11 महीनों से हैदराबाद में अकेले रहकर बीएससी की पढ़ाई कर रही थी और यूट्यूब पर लाइफस्टाइल वीडियो बनाकर अपना खर्चा चला रही थी।
6 महीने पहले भी की थी मौत को मात देने की कोशिश
विशाखापत्तनम की रहने वाली कोमाली के परिजनों ने बताया कि ब्रेकअप के बाद वह गहरे अवसाद (डिप्रेशन) में थी। करीब छह महीने पहले भी उसने सुसाइड का प्रयास किया था, लेकिन तब किस्मत ने साथ दिया और उसे बचा लिया गया। इस बार वह फ्लैट पर अकेली थी और उसने खुद को खत्म करने का खौफनाक कदम उठा लिया। कमरे से पुलिस को एक सीढ़ी और फंदे के रूप में इस्तेमाल की गई साड़ी बरामद हुई है।
पुलिस की जांच और डिजिटल सबूतों पर नजर
हैदराबाद पुलिस ने फिलहाल संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ओस्मानिया जनरल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोमाली के फोन रिकॉर्ड्स, सोशल मीडिया चैट्स और उसके पूर्व प्रेमी के बयानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। डिजिटल सबूतों को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उसे आत्महत्या के लिए उकसाया गया था।
voice of india