Wednesday , 11 November 2026

यूपी एटीएस के इनपुट पर कानपुर में दबोचा गया ड्रग्स सप्लायर: जेब में नहीं थे 100 रुपये, लिए घूम रहा था 50 लाख की एमडी ड्रग्स; मुंबई नेटवर्क से जुड़े तार

कानपुर। हाई-प्रोफाइल कॉकटेल पार्टियों में युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट पर सुरक्षा एजेंसियों ने शिकंजा कस दिया है। यूपी एटीएस के सटीक इनपुट पर कानपुर कमिश्नरेट की फजलगंज पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स के एक प्रमुख कैरियर (सप्लायर) को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी के पास से 50 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली एमडी बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹50 लाख आंकी गई है। चौंकाने वाली बात यह रही कि करोड़ों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े इस तस्कर की जेब की जब तलाशी ली गई, तो उसके पास से 100 रुपये नकद भी नहीं मिले।

गोविंदपुरी पुल के पास घेराबंदी, मुंबई से फरारी काटकर आया था कानपुर

एडीसीपी अर्चना सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि देर रात सर्विलांस टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से गोविंदपुरी पुल के निकट संदिग्ध रिजवान अहमद को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पकड़े जाने के वक्त वह इस 50 ग्राम ड्रग्स की खेप को शहर में किसी बड़े खरीदार तक पहुंचाने की फिराक में था। पुलिस जांच में सामने आया है कि रिजवान लंबे समय से मुंबई में ठिकाने बदल-बदल कर फरारी काट रहा था और हाल ही में कानपुर लौटा था। इस सफल ऑपरेशन में फजलगंज इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय, सूर्यदेव सिंह, उमाकांत और स्वाट टीम की अहम भूमिका रही।

जालौन में गुलाबजल की आड़ में एमडी फैक्ट्री, विदेशों तक फैला काला कारोबार

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि इस समूचे सिंडिकेट का मास्टरमाइंड मुंबई का खयामुद्दीन उर्फ खय्याम है। गिरोह के सदस्य अरबाज कट्टा, दानिश शालू बाबा और हसीन बाबू के जरिए एमडी ड्रग्स तैयार करने के लिए जरूरी केमिकल और कच्चा माल मुहैया कराते थे। इससे पहले एटीएस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने जालौन में एक गुप्त ठिकाने पर छापा मारा था, जहां गुलाबजल और इत्र निर्माण की आड़ में अवैध रूप से मेफेड्रोन बनाई जा रही थी। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इस प्रतिबंधित मादक पदार्थ का नेटवर्क सिर्फ मुंबई, नोएडा और गुजरात तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार यूरोप, चीन, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय तस्करों से भी जुड़े हुए हैं।

मोतिहारी से मुंबई तक खय्याम का नेटवर्क, रडार पर शहर के स्थानीय मददगार

मूल रूप से बिहार के मोतिहारी का निवासी सरगना खय्याम बड़ी-बड़ी रेव और कॉकटेल पार्टियों में ड्रग्स की त्वरित खेप पहुंचाने के लिए कुख्यात रहा है। एटीएस की जांच रिपोर्ट के अनुसार, कानपुर के कई मुस्लिम बहुल इलाकों और स्थानीय अपराधियों के बीच खय्याम का गहरा संपर्क था, जिसे भुनाकर वह शहर को ड्रग्स ट्रांजिट हब बनाने की कोशिश में था। एटीएस और नारकोटिक्स विभाग अब खय्याम के उन विदेशी और अंतरराज्यीय संपर्कों को खंगालने में जुटी है, जिन्होंने इस खतरनाक नेटवर्क को फंड और लॉजिस्टिक्स मुहैया कराए हैं।

 

Check Also

हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर खौफनाक हादसा: अनियंत्रित XUV डिवाइडर से टकराकर 30 मीटर घिसटी, IT कंपनी के VC समेत पूरे परिवार की मौत

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक और …