Thursday , 30 July 2026

दोहरे हत्याकांड का खुलासा: शराब पार्टी के खर्च और भेड़ों की रखवाली के विवाद में हुई थीं हत्याएं; 3 आरोपी गिरफ्तार, खाटूश्यामजी में मांगा माफी, लेकिन…

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के वेस्ट जिले में बीते दिनों हुई दो अलग-अलग सनसनीखेज हत्याओं की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस प्रशासन ने तीन आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। DCP (पश्चिम) प्रशांत किरण ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, एक वारदात शराब पार्टी के दौरान बिल के पैसों को लेकर हुए झगड़े में हुई, वहीं दूसरी घटना भेड़-बकरियों की रखवाली की बारी को लेकर हुए विवाद के चलते अंजाम दी गई।

मामला 1: शराब के बिल पर विवाद, दुपट्टे से घोंटा गला; YouTube पर खोजते रहे ‘पुलिस से बचने के तरीके’

पहला मामला बिंदायका थाना इलाके का है। 25 जुलाई को सिवार मोड़ स्थित ‘श्री होटल’ के एक कमरे से दिनेश उर्फ दंती गवारिया का शव बरामद हुआ था। जांच में सामने आया कि दिनेश अपने दो दोस्तों संजय कुमार कासोटिया और नितेश गवारिया के साथ होटल में ठहरा हुआ था। शराब पार्टी के दौरान पैसों के खर्च को लेकर उनके बीच तीखी बहस हो गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने दुपट्टे (स्टॉल) से गला घोंटकर दिनेश की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने अपना मोबाइल फ्लाइट मोड पर डाला, मृतक का सिम कार्ड तोड़ा और दौसा भाग गए। फरारी के दौरान दोनों आरोपी YouTube पर “हत्या के बाद पुलिस से कैसे बचें”, “पुलिस कैसे पकड़ती है” और “हत्या पर कितनी सजा होती है” जैसे वीडियो सर्च कर खुद को बचाने के तरीके ढूंढते रहे।

खाटूश्यामजी में मांगा माफी, गुजरात भागने से पहले गिरफ्तार

पाप करने के बाद दोनों नशेड़ी आरोपी खाटूश्यामजी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने किए की माफी मांगी और इसके बाद गुजरात भागने की योजना बनाने लगे। हालांकि, पुलिस की विशेष टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए 300 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले और गोविंद देवजी मंदिर के पास से दोनों को धर दबोचा।

मामला 2: भेड़ों की रखवाली के पहरे पर हुआ झगड़ा, सिर कुचलकर ली जान

दूसरा मामला भांकरोटा थाना क्षेत्र का है, जहां 26 जुलाई को जयसिंहपुरा स्थित बीड़ की ढाणी में कालूराम बागरिया का खून से लथपथ शव मिला था। कालूराम अपने परिचित हरदेव बागरिया के साथ मिलकर भेड़-बकरियां चराने और रात में उनकी रखवाली का काम करता था।

घटना वाली रात दोनों के बीच बारी-बारी से पहरा देने (रखवाली) को लेकर कहासुनी हो गई। पुरानी रंजिश के कारण गुस्साए हरदेव ने पास पड़े भारी पत्थर और लाठी से कालूराम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। भांकरोटा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरदेव बागरिया को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर आला-कत्ल (खून से सना पत्थर व लाठी) बरामद कर लिया है।

Check Also

हनीमून मर्डर केस: पति राजा रघुवंशी की हत्या की आरोपी पत्नी सोनम ने किया सरेंडर, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर भेजा गया जेल

नई दिल्ली/इंदौर। बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बड़ा नया मोड़ सामने आया है। अपने …