Thursday , 18 June 2026

ओयो होटल में चल रहा था ‘गंदा धंधा’, छापेमारी में 5 महिलाएं और 4 पुरुष दबोचे गए. …कानपुर से जुड़ी हैं गिरोह की तारें, गरीब युवतियां थी निशाने पर

फतेहपुर: जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया है। खजुहा रोड नहर पुलिया के पास स्थित ‘रुद्रा होटल’ (OYO) में लंबे समय से चल रहे अनैतिक कार्यों की सूचना पर सीओ क्राइम ने देर रात छापेमारी की। इस कार्रवाई से होटल संचालकों और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक स्थिति में 9 लोगों को हिरासत में लिया है।

सीओ क्राइम की अचानक छापेमारी से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के खजुहा रोड पर पिछले तीन महीनों से रुद्रा होटल का संचालन ओयो के तौर पर किया जा रहा था। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि यहां देह व्यापार का धंधा बेखौफ चल रहा है। बीती रात करीब 10 बजे सीओ क्राइम प्रगति यादव ने अपनी टीम के साथ होटल में अचानक छापा मारा। छापेमारी के दौरान होटल के कमरों से पांच महिलाओं और चार युवकों को रंगे हाथों पकड़ा गया।

कानपुर से जुड़ी हैं गिरोह की तारें, गरीब युवतियां थी निशाने पर

जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का नेटवर्क कानपुर तक फैला हुआ है। गिरोह की मुख्य सरगना औंग थाना क्षेत्र के खदरा गांव की रहने वाली एक महिला है, जो वर्तमान में कानपुर में रहती है। यह महिला दलाल के रूप में काम करती थी और कानपुर समेत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से गरीब और जरूरतमंद लड़कियों व महिलाओं को पैसों का लालच देकर इस दलदल में धकेलती थी। वह इन युवतियों को होटल तक लाने और ग्राहकों से संपर्क करने का जिम्मा संभालती थी।

होटल संचालक समेत चार पर मुकदमा दर्ज

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में होटल संचालक विक्रम भदौरिया (निवासी दादनखेड़ा, कल्याणपुर) और अभिषेक मिश्रा (निवासी तेंदुली, बिंदकी) शामिल हैं। इनके अलावा फरीदपुर गांव निवासी प्रत्यूश पटेल और एक अन्य नाबालिग के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

महिला दलाल और युवतियों को दी गई चेतावनी

पुलिस ने छापेमारी के दौरान पकड़ी गई खदरा गांव की महिला दलाल और अन्य युवतियों को सख्त चेतावनी देकर फिलहाल छोड़ दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस होटल में और कौन-कौन लोग शामिल थे और क्या यह गिरोह किसी बड़े सिंडिकेट का हिस्सा है। इस कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के अन्य अवैध रूप से चल रहे होटलों में सन्नाटा पसरा हुआ है।

Check Also

‘अगला नंबर यूपी का है…’ ओम प्रकाश राजभर का सबसे बड़ा दावा, बोले- गृहमंत्री अमित शाह को सौंप दी गई है चिट्ठी, सपा में होगी ऐतिहासिक टूट!

लखनऊ।  महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल की सियासी उठापटक के बीच अब उत्तर प्रदेश की राजनीति …