नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके से रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। शनिवार की तड़के नशे में धुत एक बेलगाम मर्सिडीज चालक ने सड़क किनारे भारी तबाही मचाई। नरेला स्थित हिमालय अपार्टमेंट के बाहर तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने एक के बाद एक कई गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलीं 70 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी मर्सिडीज चालक को मौके पर ही दबोच लिया और धुनाई करने के बाद दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
कार से मिली बीयर की केन, हरियाणा पुलिस के एसआई का बेटा है आरोपी
चश्मदीदों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी युवक बेहद नशे की हालत में था और गाड़ी की स्पीड काफी तेज थी। हादसे के बाद जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें से बीयर की केन भी बरामद हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही आरोपी की तस्वीरों में उसकी आंखें नशे से पूरी तरह लाल दिखाई दे रही हैं।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान शुभम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी शुभम सोनीपत में पढ़ाई कर रहा है और उसके पिता हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर तैनात हैं। वहीं, हादसे में अपनी जान गंवाने वाली 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की पहचान उर्मिला के रूप में हुई है, जो रोज की तरह शनिवार सुबह भी टहलने निकली थीं।
दोस्त से मांग कर लाया था लग्जरी कार, पुलिस ने कराया मेडिकल
शुरुआती जानकारियों के मुताबिक, जिस लग्जरी मर्सिडीज कार से यह भीषण हादसा हुआ, वह शुभम की नहीं बल्कि उसके एक दोस्त की है। शुभम ने किसी काम का बहाना बनाकर एक दिन पहले ही अपने दोस्त से यह गाड़ी मांगी थी। घटना के समय का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी शुभम मर्सिडीज कार के अंदर नजर आ रहा है।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी शुभम को तुरंत हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का मेडिकल टेस्ट कराया गया है और शराब के नशे की पुष्टि के लिए फाइनल फोरेंसिक व मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
voice of india
